गायत्री मंत्र की गूंज के साथ सैकड़ों ने दी पूर्णाहुति
शहर के शिकोहाबाद रोड स्थित प्रेम गंगा गेस्ट हाउस में चल रहे शक्ति संवर्द्धन यज्ञ में सभी लोगों ने आहुति दी।
जागरण संवाददाता, एटा: शहर के शिकोहाबाद रोड स्थित प्रेम गंगा गेस्ट हाउस में चल रहे शक्ति संवर्द्धन गायत्री महायज्ञ का समापन हो गया। अंतिम दिवस भी गायत्री मंत्र की गूंज के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति देते हुए लोक कल्याण की कामना की।
विगत तीन दिन से चल रहे महायज्ञ कार्यक्रम के अंतिम दिन पूर्णाहुति का शुभारंभ सामूहिक जप, ध्यान योग से हुआ। प्रारंभिक कर्मकांड के साथ पवित्रीकरण, आचमन व पूजन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस मध्य यज्ञ भगवान के आमंत्रण के साथ अग्नि प्रज्ज्वलन कर महाकाल का आह्वान किया गया। गायत्री मंत्र के साथ आहुतियों की गूंज से समूचा कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। पूर्णाहुति में बुराइयों के परित्याग की भावना के साथ परिजनों ने सभी के कल्याण की कामना भी की। इस मध्य शांतिकुंज से आए टोली नायक रामकुमार भ्रंगु ने संस्कार कराते हुए परिजनों को बताया कि आज सबसे ज्यादा जरूरत अपने बच्चों को संस्कारित बनाने की है। जीवन तभी सुखमय हो सकता है, जब घर-परिवार संस्कारों से परिपूर्ण हो। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, व्यसन मुक्ति को लेकर भी जागरूक किया। कार्यक्रम में सरला पुंढीर, सरला चौहान, अवनीश तोमर, विमलेश कुमार, रामू भदौरिया, अर्चना श्रीवास्तव, विपिनेश, शुभम, रामचंद्र वर्मा, श्यामसुंदर, पुष्पा यादव, सीता, अनीता, सूरजमुखी के अलावा काफी संख्या में परिजन मौजूद थे। प्राकृतिक चिकित्सा की दी जानकारी
------
कार्यक्रम में प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति को लेकर भी विशेषज्ञ राजू जैथी ने परिजनों को जानकारी दी। बिना दवाइयों के स्वस्थ रहने को पांच सूत्र बताने के अलावा त्रिफला एलोवेरा, तुलसी, गोमूत्र, दाल चीनी आदि के सेवन से जटिल रोगों के निदान को भी बताया।