मकान का छज्जा ढहा, महिला की मौत
जैथरा क्षेत्र में रविवार रात दरवाजे पर खड़े होकर बरात देख रही महिला के ऊपर मकान का छज्जा गिर गया। परिजन उसे मलबे से निकालकर स्वास्थ्य केंद्र ले आए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एटा, जासं। जैथरा क्षेत्र में रविवार रात दरवाजे पर खड़े होकर बरात देख रही महिला के ऊपर मकान का छज्जा गिर गया। परिजन उसे मलबे से निकालकर स्वास्थ्य केंद्र ले आए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रविवार को ग्राम परौली सुहागपुर में गंगाराम शाक्य की बहन का शादी समारोह था। रात 10.30 बजे बारात चढ़ रही थी। जैसे ही बरात आनंद प्रकाश के मकान के सामने पहुंची कि तभी उसकी 40 वर्षीय पत्नी राजनदेवी बाहर दरवाजे पर खड़ी हो गई। परिवार के कुछ बच्चे छत पर भी चढ़ गए। तभी अचानक मकान का छज्जा दरवाजे पर खड़ी बारात देख रही राजन देवी के ऊपर आ गिरा। हादसा होते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। मलबे में दबी महिला को बाहर निकाला गया। घायल हालत में उसे स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के परिजनों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मकान का छज्जा ढहने से महिला की मौत की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में ले लिया। एसओ जैथरा जितेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतका के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इधर हादसे के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप