पॉवर प्लांट पर गार्ड की गोली मारकर हत्या
मलावन क्षेत्र में विद्युत तापीय परियोजना के गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपित सिक्य
एटा: मलावन क्षेत्र में विद्युत तापीय परियोजना के गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपित सिक्योरिटी सुपरवाइजर मौके से भाग निकला। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मृतक गार्ड की लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में ले लिया है।
दो माह पूर्व ग्राम थरौली निवासी 45 वर्षीय अशोक कुमार यादव विद्युत तापीय परियोजना (पॉवर प्लांट) पर बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात हुए थे। उनकी रात की ड्यूटी थी। रोजाना की भांति गुरुवार को वह अपनी ड्यूटी पर पहुंच गए। तड़के 3.30 बजे सिक्योरिटी सुपरवाइजर मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र के ग्राम बरहट अकरी निवासी अंशु अवस्थी पुत्र सुधाकर अवस्थी गार्ड को चेक करने पहुंचा तो उन्हें कुर्सी पर सोते हुए देख विवाद हो गया। इस दौरान सुपरवाइजर का कहना था कि ड्यूटी पर सो रहा है, वह उसके अधिकारी हैं, सम्मान करना नहीं जानता। आरोप है कि इसी बात पर सुपरवाइजर ने गार्ड की बंदूक छीन ली और गोली मार दी, जिससे गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित बंदूक को मौके पर ही छोड़कर भाग गया।
प्लांट के कर्मचारियों ने गार्ड की हत्या की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव और घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में ले लिया। वारदात से परिजनों को अवगत कराने के बाद पुलिस शव को थाने ले आई। पुलिस ने आरोपित अंशु अवस्थी की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। एएसपी संजय कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस को आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। एसओ मलावन विपिन कुमार त्यागी ने बताया कि मृतक के पुत्र अंकित कुमार की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट अंशु अवस्थी के खिलाफ दर्ज कर ली गई है।