गणपति पर्व पर लें अशिक्षा के विरुद्ध संकल्प
जिले भर के गणपति पंडालों में मची कार्यक्रमों की धूमबुद्धि और ज्ञान के देवता की आराधना से आएंगी खुशियां
जागरण संवाददाता, एटा: गणपति पर्व के दस दिवसीय त्योहार में गुरुवार को सराय अगहत में बुद्धि और ज्ञान के देवता की प्रतिमा के सामने अशिक्षा के खिलाफ एकजुटता का संकल्प लिया गया। वहीं अन्य गणपति पंडालों में कार्यक्रमों की धूम रही।
सराय अगहत स्थित गणपति पंडाल में समाज सेवी डॉ. ब्रजेश यादव ने कहा कि गणेश ज्ञान के देवता हैं और उनके साथ ऋद्धि और सिद्धि आती है। ऐसे में इस पर्व पर समाज से अशिक्षा को मिटाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि गणपति प्रार्थना करने से कामनाओं और इच्छाओं की पूर्ति होती है। ऐसे में समाज से कुरीतियों को मिटाने का इससे उचित समय अन्य कोई नहीं। उन्होंने अशिक्षा के खिलाफ लोगों को एकजुटता का संकल्प दिलाया। इस मौके पर सोमेश यादव, रवि यादव, वीरेंद्र सिंह समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे। शहर के श्रंगार नगर मुहल्ला स्थित गणपति पंडाल में महिलाओं द्वारा भजन कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें भगवान गणेश और माता पार्वती भगवान भोलेनाथ के भजनों की प्रस्तुति की। इस मौके पर सावित्री देवी, चंद्रकला, सुनीता, रोशनी, मोहनी, आरती दीक्षित, कुसमा, रेवती, दीक्षा, अनामिका आदि मौजूद थे। वहीं मेहता पार्क के गणपति पंडाल में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने लोक कल्याण और आत्म कल्याण के लिए बप्पा की आरती उतारी। इस मौके पर काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।