यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Etah News: गणेश विसर्जन के दौरान तीन भाई गंगा में डूबे, दो को बचाया तीसरा लापता; परिवार में मचा कोहराम
एटा के शिवसिंहपुर गांव के तीन चचेरे भाई बदायूं में गणेश प्रतिमा विसर्जित करते समय गंगा नदी में डूब गए। ...और पढ़ें

HighLights
- गणेश विसर्जन के दौरान गंगा में डूबे तीन भाई
- दो भाई बचाए गए, तीसरे की तलाश जारी
- कछला घाट पर हुआ हादसा
जागरण संवाददाता, एटा। गणेश प्रतिमा विसर्जित करने गए शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव शिविसंहपुर के रहने वाले तीन चचेरे-तहेरे भाई बदायूं जनपद में गंगा में डूब गए। इनमें से दो को सुरक्षित निकाल लिया, मगर तीसरे का पता नहीं चला है। गोताखोर तलाश कर रहे हैं, घर में कोहराम मचा है।
शनिवार को दोपहर के समय गांव शिवसिंहपुर से कई लोग गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए कछला गंगा घाट गए थे, जहां गांव शिवसिंहपुर निवासी 21 वर्षीय अर्जुन, उसका सगा भाई 16 वर्षीय सनी और चचेरा भाई 19 वर्षीय साहिल भी गया था। यह लोग शाम छह बजे कछला घाट पर प्रतिमा विसर्जित कर रहे थे।
शहर के निकटवर्ती गांव शिवसिंहपुर के रहने वाले हैं तीनों
तीनों भाई नहाने के लिए गंगा के पानी में उतर गए, लेकिन गहरे में चले गए और डूबने लगे। यह हालात देखकर दो दुकानदार और हेड कांस्टेबल श्यामवीर सिंह उन्हें बचाने के लिए गंगा में कूद पड़े। बमुश्किल उन्होंने अर्जुन और साहिल को बचा लिया, लेकिन सनी के बारे में बताया गया है कि वह तेज बहाव में बह गया। देर शाम तक गोताखोर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन पता नहीं चला है।
फूल डेकोरेशन का काम करता है सनी
शहर के शिवसिंहपुर में लोगों ने एकजुट होकर गणेश भगवान की मूर्ति स्थापित की थी। जबकि पुष्पेन्द्र ने अपने यहां अलग कार्यक्रम आयोजित कराया था। दोनों जगह विराजे गणेश भगवान की मूर्तियों का विसर्जन करने के लिए लोग बदायूं के कछला घाट पर पहुंचे थे। स्वजन ने बताया कि सनी कार्यक्रमों में फूल डेकोरेशन का काम करते थे। जो दो भाई और एक बहन में सबसे छोटे हैं।
कछला पहुंचे लोग
वहीं दूसरी तरफ किशोर के गंगा में डूबने की जानकारी मिलते ही स्वजन के साथ ही आसपास के काफी लोग कछला पहुंच गए थे। इसके अलावा जानकारी मिलने के बाद किशोर के रिश्तेदार भी वहां पहुंच गए। डूबे किशोर के घर पर भी लोगों का आना जाना लगा है।
