सड़क हादसों में वृद्धा समेत चार की मौत
कोतवाली नगर बागवाला और मलावन थाना क्षेत्र में 13 घंटे के अंतराल में हुए सड़क हादसों में वृद्धा समेत चार की मौत हो गई। हादसे में घायल मैनपुरी जिले की महिला का आगरा के अस्पताल में उपचार चल रहा है उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
एटा, जासं। कोतवाली नगर, बागवाला और मलावन थाना क्षेत्र में 13 घंटे के अंतराल में हुए सड़क हादसों में वृद्धा समेत चार की मौत हो गई। हादसे में घायल मैनपुरी जिले की महिला का आगरा के अस्पताल में उपचार चल रहा है, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
शहर के मुहल्ला चित्रगुप्त कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय दिलीप कुमार गुरुवार सुबह छह बजे घर से टहलने को निकले थे। वह जैसे ही जीटी रोड स्थित निरंकारी जलपान गृह के सामने पहुंचे कि तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक के पुत्र लक्ष्मण सिंह की तहरीर पर हादसे की रिपोर्ट संबंधित ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज कर ली गई है।
आगरा रोड पर बुधवार शाम सात बजे मोटरसाइकिल की टक्कर लगने से मिरहची क्षेत्र के ग्राम नवीनगर निवासी 62 वर्षीय अतरश्री पत्नी रामेश्वर सिंह घायल हो गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। दुर्घटना की रिपोर्ट मृतका के पुत्र शैलेंद्र कुमार ने बाइक चालक कोतवाली देहात क्षेत्र के किशनगढ़ निवासी राजकुमार के खिलाफ दर्ज कराई है।
दूसरी ओर बागवाला क्षेत्र के ग्राम ईसेपुर निवासी शैलेंद्र सिंह का 18 वर्षीय पुत्र अलीगंज रोड पर ग्राम पवांस के निकट स्थित एक कार एजेंसी पर काम करता था। बुधवार शाम सात बजे घर से एजेंसी पर आ रहा था। रास्ते में गांव जीसुखपुर के निकट अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घायल को इलाज के लिए समीपवर्ती लोगों ने जिला अस्पताल भिजवा दिया। जानकारी मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई।
इसके अलावा मलावन क्षेत्र में छछैना के समीप कार की चपेट में आकर बाइक सवार मैनपुरी जिले के कुरावली क्षेत्र के नगला हरियाना निवासी 50 वर्षीय धीर सिंह और उनकी पत्नी विमला देवी घायल हो गए थे। जिला अस्पताल से इलाज को आगरा ले जाते समय धीर सिंह की मौत हो गई, जबकि पत्नी का आगरा के अस्पताल में उपचार चल रहा है।