Me too campaign: पांच साल बाद महिला ने खोली ढोंगी तांत्रिक की पोल
मी टू कैंपेन से प्रेरित एक महिला ने तांत्रिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। उसका कहना है कि पांच साल पूर्व तांत्रिक ने अश्लील हरकतें कीं और शोषण की कोशिश की।
एटा (जेएनएन)। मी टू कैंपेन से प्रेरित दिल्ली की एक महिला ने अलीगंज के एक तांत्रिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उसका कहना है कि पांच साल पूर्व वह तांत्रिक के घर इलाज के लिए आती थी। इस दौरान तांत्रिक ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और शोषण करने की भी कोशिश की। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपित तांत्रिक फरार हो गया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद तांत्रिक भूमिगत हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। अलीगंज पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कई दिन रोका और ऊपरी चक्कर बताया
दिल्ली की रहने वाली महिला पांच साल पहले पति के साथ एटा में अलीगंज क्षेत्र के गांव अकबरपुर कोट निवासी भगत मलिखान सिंह के घर पहुंची थी। भगत ने उसे कई दिन रोका और उसपर ऊपरी चक्कर बताया। जिसके इलाज के लिए वह उसे बार-बार बुलाता रहा। महिला का कहना है कि उस समय मलिखान ने कई बार उसे ऑफर किया, मगर उसकी बात को कभी तवज्जो नहीं दी। कभी-कभी वह अश्लील हरकतें भी करता था। एक-दो बार मलिखान के साथ झगड़ा भी हुआ। महिला का कहना है कि उसकी नीयत साफ नहीं थी। इतना ही नहीं उसने इलाज के नाम पर डेढ़ लाख रुपये भी लिए थे और यह पैसा लौटाया नहीं। महिला ने बताया कि पिछले कई दिनों से मी टू कैंपेन के बारे में सुन रही थी। इसीलिए पांच साल बाद अपनी बात कहने का साहस जुटा सकी और तांत्रिक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है।