धनतेरस पर बाजारों में जमकर हुई धनवर्षा
एटा, जागरण संवाददाता: जिलेभर में धनतेरस के पर्व पर बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई।
जागरण संवाददाता, एटा : जिलेभर में धनतेरस के पर्व पर बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। कमाई के मामले में ऑटोमाबाइल और इलेक्ट्रोनिक बाजार सब पर भारी पड़े। वहीं सर्राफा और बर्तन बाजारों में भी जमकर भीड़ उमड़ी। शुरू हुए दीपोत्सव पर्व के पहले ही दिन बाजार खिल उठे। शहर और कस्बों के बाजारों में हुई खरीदारी से करोड़ों का कारोबार हुआ है। व्यवसाइयों के चेहरे इस पर्व पर रही कुबेर की कृपा से खिलखिला उठे।
शहर और कस्बों में कुछ न कुछ नया खरीदने का पर्व धनतेरस सोमवार को परंपरागत उत्साह से मनाया गया। पूरे दिन सुबह से शाम तक बाजार खरीदारों की भीड़ से गुलजार बने रहे। मध्यमवर्गीय लोग हों या धनाढ्य, सभी ने इस पर्व पर अपनी सामर्थ्य के अनुसार बाजारों से कुछ न कुछ खरीदकर पर्व की परंपरा को निभाया। घरों में धन के देव कुबेर का पूजन कर जहां धन-दौलत की कामना की गई। तो भगवान धन्वंतरि की पूजा से परिवार के सभी लोगों के स्वस्थ जीवन की मनोकामना की गई।