मानसिक दिव्यांग किशोरी से दुष्कर्म
एटा: कोतवाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार रात युवक ने मानसिक दिव्यांग किशोरी से युवक ने दुष्कर्म किया।
जागरण संवाददाता, एटा: कोतवाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार रात युवक ने मानसिक दिव्यांग किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगी हुई है।
किशोरी के माता-पिता शुक्रवार को फीरोजाबाद गए थे। घर पर उनका बेटा और 15 साल की मानसिक दिव्यांग बेटी थी। बेटा गांव में ही चल रहे दशहरे का भंडारा खाने चला गया। रात 11 बजे मौका पाकर पड़ोसी दीपक पुत्र कन्हैयालाल घर में घुस आया। आरोप है कि इस दौरान दीपक ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी। फीरोजाबाद से लौटने के बाद पीड़िता ने घटना की जानकारी मां को दी। शनिवार को पीड़िता को लेकर मां कोतवाली पहुंची।
पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दीपक के खिलाफ दर्ज कर ली है। मानसिक दिव्यांग किशोरी से दुष्कर्म की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार, सीओ सिटी वरुण कुमार ¨सह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ग्रामीणों से की। उन्होंने पुलिस को आरोपित को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। कोतवाली नगर के इंस्पेक्टर पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा है। पुलिस की टीम वारदात के बाद से फरार आरोपी दीपक की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है।