एटा के हत्सारी गांव में डेंगू का कहर, स्वास्थ्य विभाग सक्रिय, सात मरीज पॉजिटिव
एटा के हत्सारी गांव में डेंगू का प्रकोप फैल गया है, जहां एक साथ सात मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। ...और पढ़ें

एटा के हत्सारी गांव में बुखार पीड़ितों का हाल जानती टीम।
HighLights
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव का दौरा कर जांच की।
पॉजिटिव मरीजों को मेडिकल कॉलेज के संचारी वार्ड में भर्ती।
जागरण संवाददाता, एटा। अलीगंज ब्लाक क्षेत्र के गांव हत्सारी में डेंगू फैल गया है, यहां एक साथ सात मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। गांव में बड़ी संख्या में लोग वायरल बुखार से भी पीड़ित हैं। मंगलवार को सीएमओ डा. राजेंद्र प्रसाद और जिला मलेरिया अधिकारी लोकमन सिंह स्वास्थ्य टीम के साथ गांव पहुंचे।
यहां डेंगू के संभावित 19 मरीजों की जांच कराई गई, जिनमें सात की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। जबकि गढौली में भी एक डेंगू का मरीज मिला है। स्थिति को देखते हुए सीएमओ ने स्वास्थ्य टीम को गांव में नियमित रूप से मौजूद रहकर मरीजों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
गांव में मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हुई है। सोमवार को भी गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच और उपचार किया गया था। मंगलवार को अधिकारियों ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डेंगू के लक्षण वाले लोगों की जांच कराई गई तो आठ मरीज संक्रमित पाए गए। एक साथ इतने मरीज मिलने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
डेंगू पीड़ितों को मेडिकल कालेज के संचारी वार्ड में भर्ती कराया गया है। सीएमओ डा. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि स्वास्थ्य टीम को गांव में नियमित रूप से मौजूद रहकर मरीजों की जांच और उपचार करने के निर्देश दिए हैं। डेंगू से बचाव के लिए ग्रामीणों को घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, कूलर और अन्य पात्रों में भरे पानी को नियमित रूप से बदलने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।
सात मरीज हत्सारी के, एक गढ़ौली का
जांच में हतसारी निवासी आनंद 18 वर्ष, रामस्वरूप 70 वर्ष, रामशंकर 60 वर्ष, हरिप्यारी 60 वर्ष, भरत सिंह 62 वर्ष, स्नेहलता 50 वर्ष और मोनिका 12 वर्ष डेंगू संक्रमित मिले हैं। वहीं, रसूलपुर गढ़ौली गांव की 26 वर्षीय देवकी की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है, हालांकि उपचार के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सामान्य बता रहे हैं। इस तरह जांच में सामने आए आठ मरीजों में सात हत्सारी और एक गढ़ौली का निवासी है।
