एटा में मोबाइल पर बात करते ऑटो चालक ने खाेया संतुलन, डंपर से टकराया; डेढ़ साल की बच्ची की मौत
एटा के बागवाला क्षेत्र में मोबाइल पर बात करते ऑटो चालक का संतुलन बिगड़ने से डंपर से टक्कर हो गई। ...और पढ़ें

एटा में हुए हादसे में मृतक बच्ची का इनसेट में फाइल फोटो।
HighLights
डंपर से टक्कर में डेढ़ वर्षीय बच्ची जानवी की मौत।
हादसे में बच्ची की मां सहित तीन लोग घायल हुए।
जागरण संवाददाता, एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के जीसखपुर समीप गुरुवार दोपहर दो बजे ऑटो चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। उसी समय उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद रोडवेज बस को बचाने के चक्कर में ऑटो डंपर से टकरा गया। इससे ऑटो सवार डेढ़ वर्षीय बेटी की मृत्यु हो गई। जबकि उसकी मां सहित तीन लोग घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। हादसे की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के खुटियाना निवासी सर्वेश देवी अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी जानवी के साथ बागवाला क्षेत्र के गांव कनिकपुर ऑटो में सवार होकर जा रही थी। ऑटो लेकर चालक थाना बागवाला क्षेत्र के जीसखपुर समीप पहुंचा ही था। उसी समय वह मोबाइल पर बात करने लगा।
इससे चालक का संतुलन खो गया और अचानक सामने से आ रही रोडवेज बस को देख घबरा गया। इसके बाद सामने से आ रहे डंपर से ऑटो टकरा गया। इससे आटो सवार जानवी उसकी मां सर्वेश के साथ ही पल्लवी एवं उनकी बेटी महक निवासी बमनई पिलुआ गंभीर रूप से घायल हो गई। अचानक हुई टक्कर लगने की आवाज सुनकर आस पास के साथ ही राहगीराें की मौके पर भीड़ जुट गई।
इसके बाद राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने जानवी को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं थाना प्रभारी बागवाला ओमप्रकाश ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
