एटा: मंदिर परिसर में बुजुर्ग पुजारी की निर्मम हत्या, पैर बांधकर चेहरे पर किए ईंट से कई प्रहार
एटा के लालपुर गांव में 65 वर्षीय मंदिर पुजारी भोजराज की बुधवार रात निर्मम हत्या कर दी गई, हमलावर ने ...और पढ़ें

घटनास्थल की जांच करती पुलिस टीम। इनसेट में मृतक पुजारी का फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, एटा। निधौली कलां क्षेत्र के गांव लालपुर में बुधवार रात मंदिर के पुजारी 65 वर्षीय भोजराज की हत्या कर दी गई। हमलावर ने उनके पैर बांधकर चेहरे पर ईंट से कई प्रहार किए। इसके बाद मंदिर से करीब 200 मीटर दूर घर के बाहर सो रहे युवक ब्रजेश को भी ईंट मारकर घायल कर दिया।
गुरुवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में खलबली मच गई। पुलिस ने जांच के बाद हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित मानसिक दिव्यांग बताया जा रहा है। गांव लालपुर निवासी भोजराज गांव के पास स्थित मंदिर में पिछले 15 साल से पूजा-पाठ कर रहे थे। वह मंदिर परिसर में बनी कोठरी में ही रहते और रात में वहीं सोते थे। बुधवार रात भी वह कोठरी में सो रहे थे।
इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपित ने मंदिर से कुछ दूरी पर सो रहे ब्रजेश पर भी ईंट से प्रहार किया, जिससे वह घायल हो गया। स्वजन उसका मेडिकल कालेज में उपचार करा रहे हैं।
गुरुवार सुबह मंदिर के पास से गुजर रहे राहगीरों ने पुजारी को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अंदर जाकर देखने पर उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
सूचना पर एसपी ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी डा. इलामारन, एएसपी श्वेताभ पांडेय, सीओ और थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने भी साक्ष्य जुटाए। एसएसपी ने बताया कि हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ से लग रहा है कि आरोपित मानसिक दिव्यांग है। सभी पहलुओ की जांच की जा रही है।
