विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एटा में एक लाख का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर, 52 मुकदमे; अलीगंज लूटकांड में था शामिल

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 27 Oct 2026 08:25 PM (IST)

एटा के पिलुआ क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में अलीगंज सराफा लूटकांड का एक लाख का इनामी बदमाश वीरेंद्र मारा गया। ...और पढ़ें

एन्काउंटर के बाद अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारी।

एन्काउंटर के बाद अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारी।

जागरण संवाददाता,एटा। कोतवाली पिलुआ क्षेत्र में सुन्ना नहर के पास मंगलवार शाम छह बजे पुलिस मुठभेड़ में अलीगंज में हुई सराफा कारोबारी से लूट का आरोपित वीरेंद्र निवासी हरचंदपुर थाना कोतवाली नगर मैनपुरी पुलिस की गोली से ढेर हो गया। गोली बदमाश के सीने में लगी है। उसे मेडिकल कालेज लाया गया है, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बदमाश के विरुद्ध विभिन्न जिलों में 52 मुकदमे दर्ज हैं।

मुठभेड़ के दौरान पिलुआ थाने का सिपाही सत्यपाल भी फायरिंग में घायल हुआ है। उसे भी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। अलीगंज में लूट की वारदात 22 अक्टूबर को हुई थी। इस घटना में बदमाश 56 लाख रुपये मूल्य के सोने चांदी के जेवर लूट ले गए थे। बदमाश पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बदमाशों ने उन्नाव जिले से चोरी हुई बाइक से लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

मृतक बदमाश के भाई पर भी 25 मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश की पत्नी पूर्व में लूटकांड में जेल जा चुकी है। इस बदमाश ने मैनपुरी में सरेआम गोली मारकर महिला की हत्या भी की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा इलामारन ने बताया कि पुलिस से हुई मुठभेड़ में बदमाश की मौत हुई है। इस बदमाश पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

अलीगंज में हुई लूट की वारदात के बाद से ही बदमाश की तलाश की जा रही थी। बदमाश की पहचान करने के लिए पुलिस ने एक हजार सीसी टीवी कैमरे खंगाले तब बदमाश की पहचान हुई। पुलिस लगातार सर्विलांस के जरिए बदमाश का पीछा कर रही थी।