दो घंटे तक बिलखते रहे मासूम, दवा की लाइन में लगी रही मां; एटा के अस्पताल में चली तलाश
एटा मेडिकल कॉलेज में दो मासूम बच्चियां अपनी मां से बिछड़कर दो घंटे तक बिलखती रहीं, जिससे अफरा-तफरी मच गई। ...और पढ़ें

मेडिकल कॉलेज में बच्चों के साथ परेशान मां।
HighLights
एटा मेडिकल कॉलेज में दो मासूम बच्चियां मां से बिछड़ीं।
बच्चियां दो घंटे तक बिलखती रहीं, कॉलेज प्रशासन ने संभाला।
जागरण संवाददाता, एटा। मेडिकल कालेज परिसर में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो मासूम बच्चियां अपनी मां से बिछड़कर करीब दो घंटे तक बिलखती रहीं। एक बच्ची की उम्र करीब डेढ़ वर्ष और दूसरी की पांच वर्ष बताई गई। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
सुरक्षा गार्ड भी मौके पर पहुंचे और बच्चियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पांच वर्षीय बच्ची से उसकी मां के बारे में पूछा गया, लेकिन वह घबराहट के कारण कुछ स्पष्ट नहीं बता सकी। काफी देर तक मां के नहीं मिलने पर मेडिकल कालेज प्रशासन ने दोनों बच्चियों को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया।
इसके साथ ही महिला की तलाश शुरू कराई गई। सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों ने परिसर में अलग-अलग स्थानों पर महिला को तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। महिला बच्चियों के पास एक थैली में आधार कार्ड, मोबाइल और पंजीकरण पर्चा भी छोड़ गई। इससे ऐसा प्रतीत होने लगा कि जानबूझकर बच्चियों को छोड़ा गया है।
इधर, दोनों बच्चियां लगातार मां के लिए रोती रहीं। कर्मचारियों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया। करीब दो घंटे बाद दोपहर दो बजे महिला दवा लेकर लौटी। बच्चों को निर्धारित स्थान पर नहीं देखकर वह घबरा गई और उन्हें खोजने लगी। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि मेडिकल कालेज प्रशासन ने दोनों बच्चियों को अपने पास रखा है।
महिला के पहुंचने पर उसकी पहचान की गई और दोनों बच्चियों को सुरक्षित उसके सुपुर्द कर दिया गया। महिला ने अपना नाम रश्मि पत्नी अंकित कुमार निवासी प्रेमपुरा जैथरा बताया। मां के बच्चों को गले लगाते ही दोनों मासूम शांत हो गईं। इसके बाद महिला उन्हें लेकर घर चली गई। घटना के दौरान काफी देर तक मेडिकल कालेज परिसर में लोगों की भीड़ जुटी रही।
