विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्कूल बस से उतरते समय पहिए की चपेट में आकर एलकेजी की छात्रा की मौत, एटा में हुआ दर्दनाक हादसा

By Pravesh Dixit Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 22 Aug 2026 07:10 PM (IST)

एटा के नगला गलुआ गांव में स्कूल बस से उतरते समय एक पांच वर्षीय एलकेजी छात्रा बस के पहिए के ...और पढ़ें

एटा में एलकेजी की छात्रा की मौत के बाद बस को घेरे खड़ी भीड़।

एटा में एलकेजी की छात्रा की मौत के बाद बस को घेरे खड़ी भीड़।

जागरण संवाददाता, एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव नगला गलुआ में शनिवार दोपहर 12 बजे छुट्टी के बाद घर जा रही एलकेजी की पांच वर्षीय छात्रा उतरते वक्त गिरकर स्कूल बस के पहिए की चपेट में आ गई। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वह स्कूल बस से घर जाने के लिए अपने गांव में उतर रही थी। हादसे के बाद चालक बच्चों को बस में ही छोड़कर भाग गया। बस में कोई परिचालक नहीं था।

पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बस पुलिस के कब्जे में है। थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव नगला गलुआ निवासी विवेक कुमार की पांच वर्षीय बेटी डिंपल नगला भूरा स्थित राज कमल पब्लिक स्कूल में एलकेजी में पढ़ती थी। स्वजन उसे स्कूल की बस से विद्यालय भेजते थे। शनिवार को वह विद्यालय में पढ़कर बस से घर पहुंची ही थी

घर के पास वह बस से नीचे उतर रही थी। उसी समय अचानक वह बस के पिछले पहिया की चपेट में आ गई। जिसके नीचे दबकर छात्रा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसकी जानकारी हाेते ही चालक बस को मौके पर छोड़ फरार हो गया। हादसे में छात्रा की मृत्यु होने की सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंच गए। गांव के बच्चों को बस चालक गांव के अंदर रोज छोड़ देता था।

कभी-कभी अभिभावक भी लेने पहुंच जाते थे, मगर बच्ची को लेने के लिए कोई नहीं आया था। वह अक्सर अन्य बच्चों के साथ घर पहुंच जाती थी। साथ ही हादसे की जानकारी पर ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जुट गई। उसी समय लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। जबकि बस थाने भिजवा दी

वहीं थाना प्रभारी अवागढ़ प्रेमपाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बस को रवि कुमार पुत्र सृजन सिंह निवासी बाकलपुर थाना निधौली कलां चला रहा था। स्कूल के संचालक गुड्डू ने बताया कि रवि ही बस को चलाता था। बस पर कोई न कोई स्टाफ रहता था। यह पता किया जा रहा है कि चालक के अलावा कोई और था या नहीं।

बस पर नहीं कोई कोई परिचालक

विद्यालयों में संचालित होने वाली बसों पर चालक के साथ ही परिचालक रखना भी निर्धारित है। इसके बाद भी जिस बस से छात्रा की मृत्यु हुई है उस पर केवल चालक ही तैनात था। ऐसे में लोगों का कहना है कि यदि बस पर परिचालक होता तो वह चालक को बच्ची के गिरने की जानकारी दे देता तो शायद हादसा टल सकता था।

लोगों का कहना कि विद्यालय प्रबंधन परिवहन व्यवस्था के नाम पर मोटी फीस लेता है, मगर उस वाहन में बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसे लेकर लगातार हादसे दर हादसे हो रहे हैं। जिसे लेकर अभिभावक भी परेशान हो रहे हैं।पुलिस बस चालक का नाम पता ट्रैस कर रही है।

अवागढ़ थाना क्षेत्र में राज कमल पब्लिक स्कूल की बस की चपेट में आने से छात्रा की मृत्यु दुखद घटना है। बस के दस्तावेज सही हैं, मगर उस पर स्टाफ की कमी प्रारंभिक जांच में पाई गई है। बस पर परिचालक रखना अनिवार्य है। ऐसे में प्रकरण की गहराई से जांच कराई जा रही है।

-

-शिवम यादव, एआरटीओ एटा।