जनपद के किसान नोएडा-दिल्ली बार्डर पर डटे
स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर तैयार कर रहे किसानों के जत्थे भेजा जा रहा विभिन्न साधनों से
जासं, एटा: विभिन्न किसान संगठनों से जुड़े जनपद के तमाम किसान नोएडा-दिल्ली बार्डर तक आसानी से पहुंच गए। इन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा और सड़क पर ही धरना देकर बैठे हैं। आंदोलनकारियों ने किसानों के जत्थे तैयार किए हैं, जो अभी भी प्रतिदिन यहां से रवाना हो रहे हैं।
भारतीय किसान यूनियन, अखिल भारतीय किसान यूनियन, भारतीय किसान यूनियन भानु आदि संगठनों से जुड़े किसानों के जत्थे नोएडा-दिल्ली बार्डर पर हैं। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर किसानों के जत्थे तैयार कर रहे हैं और इन्हें विभिन्न साधनों से भेजा जा रहा है। जिला मुख्यालय पर इन दिनों धरना प्रदर्शन का दौर चल रहा है। इधर, भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने फोन पर बताया कि किसान बार्डर से नहीं हटेंगे, जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि कृषि कानून वापस लेने के साथ ही हम किसान आयोग के गठन की भी मांग कर रहे हैं। ओबीसी महासभा किसानों के साथ: राष्ट्रीय ओबीसी महासभा भी किसानों के साथ आ गई है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एकेश लोधी ने कहा कि आवश्यकता पड़ी तो महासभा के कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे। कृषि कानून किसान विरोधी है। इसलिए इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष नीरज यादव ने कहा कि बिजली संशोधन विधेयक भी वापस हो। इस दौरान कलक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर महासभा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। ज्ञापन एएसडीएम को सौंपा गया। इसमें नौ मांगें दोहराई गई हैं। जिलाध्यक्ष विनय यादव, राजपाल सिंह, थान सिंह, संदीप राजपूत, देवेश राजपूत, कैलाश लोधी, सुरेंद्र कश्यप, योगेश यादव, सुनील यादव, लवकुश आदि मौजूद रहे।