विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एटा में नाबालिगों ने दौड़ाई कार, तीन की गई जान; बेकाबू होकर दो बाइकों को मारी टक्कर

By Anil Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 15 Oct 2026 02:00 PM (IST)

एटा के अलीगंज में बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिसके बाद कार ...और पढ़ें

टक्कर के बाद सड़क पर पड़ीे बाइकें और दूसरे फोटो में दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार।

टक्कर के बाद सड़क पर पड़ीे बाइकें और दूसरे फोटो में दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार।

संवाद सहयोगी, अलीगंज (एटा)। थाना अलीगंज क्षेत्र में लडसिया के पास बुधवार दोपहर 12 बजे तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। इसके बाद कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतकों में एक किसान, महिला और 16 वर्षीय किशोर शामिल हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने पहुंचकर सड़क पर पड़े वाहनों को हटवाया। थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव सिमरई निवासी 50 वर्षीय मुहम्मद सैफ बुधवार दोपहर 12 बजे बाइक से अलीगंज जा रहे थे। उनकी बाइक लडसिया के पास पहुंची थी, तभी कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित कार ने दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी।

दूसरी बाइक पर सवार 60 वर्षीय सरोज और उनके बेटे भूपेंद्र निवासी दहलई घायल हो गए। सरोज अपने बेटे के साथ रिश्तेदारी में हुई गमी में शामिल होने जा रही थीं। दोनों बाइकों को टक्कर मारने के बाद कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। कार में सवार अश्वनी और रोविन भी घायल हो गए।

हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अलीगंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मुहम्मद सैफ को मृत घोषित कर दिया। सरोज और उनके बेटे भूपेंद्र को मेडिकल कालेज रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान सरोज की मौत हो गई।

वहीं, घायल अश्वनी को स्वजन फर्रुखाबाद के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल भूपेंद्र और रोविन का उपचार कराया जा रहा है।

कार सवारों के नाबालिग होने की आशंका

हादसे में शामिल कार को नाबालिगों द्वारा चलाए जाने की चर्चा है। मृतक अश्वनी की उम्र 16 वर्ष, जबकि रोविन की उम्र 11 वर्ष बताई जा रही है। कार अलीगंज की ओर जा रही थी। सूचना पर सीओ अलीगंज राजेश कुमार सिंह और थाना प्रभारी रूपेश कुमार मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर यातायात सुचारु कराया। थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार सवार दोनों नाबालिग बताए जा रहे हैं। इस पहलू पर गंभीरता से जांच की जा रही है।