विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छिपकली गिरे तेल में तल दीं पूड़ियां, खाकर एटा में एक ही परिवार के छह लोग बीमार

By Anil Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 31 Aug 2026 06:56 PM (GMT+05:30)

एटा के वर्मा नगर में एक परिवार के छह सदस्य छिपकली गिरे तेल में बनी पूड़ियां खाने से बीमार पड़ ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

जागरण संवाददाता, एटा। शहर के मुहल्ला वर्मा नगर में सोमवार को एक ही परिवार के छह लोगों की हालत खाना खाने के बाद बिगड़ गई। इनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। स्वजन ने सोमवार की सुबह करीब पौने नौ बजे सभी को उपचार के लिए मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया।

बताया गया कि परिवार के लोगों ने जिस तेल में पूड़ियां पकाई थीं, उसमें छिपकली गिर गई थी। पूड़ी खाने के बाद परिवार के सदस्यों की तबियत बिगड़ने पर स्वजन घबरा गए।

वर्मा नगर निवासी प्रथमा पत्नी भगवान दास मसीह 50 वर्ष, इनकी पुत्री काजल 20 वर्ष, लक्ष्मी 18 वर्ष, नाती मोनू सात वर्ष व मनी पांच वर्ष पुत्रगण आकाश और धेतवी बांगलू शामिल हैं। इन सभी ने एक साथ सोमवार सुबह घर पर पूड़ी बनाई थी। इसके लिए कढ़ाई में तेल गर्म किया गया था। इसी दौरान तेल में छिपकली गिर गई

इसी तेल में पूड़ियां पकाकर खा लीं। कुछ समय बाद परिवार के सदस्यों को उल्टी, घबराहट और बेचैनी जैसी शिकायतें होने लगीं। एक साथ कई लोगों की तबियत खराब होने पर स्वजन ने घर में रखी कढ़ाई को देखा। कढ़ाई में छिपकली पड़ी मिली।

इसके बाद स्वजन ने बिना देर किए परिवार के छह सदस्यों को मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में पहुंचाया। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने उनकी हालत पर निगरानी रखी और आवश्यक उपचार दिया। चिकित्सकों के उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार बताया गया।

दोपहर बाद स्वास्थ्य लाभ मिलने पर चिकित्सकों ने सभी छह लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी। चिकित्सकों ने भोजन तैयार करते समय खाद्य सामग्री और पकाने के बर्तन को अच्छी तरह जांचने की सलाह दी है।

सीएमएस डा. सुरेश चंद्रा ने बताया कि छिपकली गिरे तेल में पकाई गई पूड़ी खाने के बाद एक ही परिवार के छह लोग इमरजेंसी में आए थे। उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार होने पर दोपहर बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।