धान क्रय केंद्र पर डीएम को मिलीं अनियमितताएं
एटा: मंडी समिति में संचालित किए जा रहे धान क्रय केंद्र का जायजा लेने डीएम पहुंच गए।
जागरण संवाददाता, एटा: मंडी समिति में संचालित किए जा रहे धान क्रय केंद्र का जायजा लेने डीएम पहुंच गए। वहां अनियमितताएं मिलने पर नाराजगी जताई। केंद्र प्रभारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
निरीक्षण के दौरान डीएम आइपी पांडेय ने देखा कि केंद्र पर बोर्ड नहीं लगाया गया है। यहां कोई किसान नहीं था और सन्नाटा पसरा हुआ था। एक अक्टूबर से शुरू हुई धान खरीद के बावजूद यहां महज दो किसानों से ही धान खरीद की गई। कुल आवंटित लक्ष्य 2000 कुंतल के सापेक्ष अब तक सिर्फ 29 कुंतल धान ही खरीदा गया। इस पर डीएम ने काफी निराशा जताई। अनियमितताएं एवं लापरवाही पाये जाने पर केंद्र प्रभारी भगवत स्वरूप को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के आदेश दिए। उन्होंने साफ कहा कि प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त बैनर, पोस्टर लगाए जाएं। आने वाले किसानों को दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाए। केंद्र प्रभारी एवं अन्य स्टाफ का रवैया किसानों के साथ ठीक होना चाहिए। इस दौरान डीएम ने डीएपी एवं यूरिया खरीद रहे किसानों से बात कर जानकारी ली। कड़ी हिदायत दी कि मंडी परिसर में किसानों के शोषण की शिकायत नहीं आनी चाहिए। इस अवसर पर मंडी सचिव अशोक सोलंकी, डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा शर्मा आदि मौजूद रहे।