दीवाली आज, पूजे जाएंगे लक्ष्मी-गणेश
बुधवार को दीपावली का पर्व परंपरागत ढंग से मनाया जाएगा। घर-घर लक्ष्मी-गणेश का पूजन किया जाएगा।
एटा : बुधवार को दीपावली का पर्व परंपरागत ढंग से मनाया जाएगा। घर-घर लक्ष्मी-गणेश का पूजन करने की तैयारियां की गई हैं। पर्व की पूर्व संध्या पर बाजारों में खरीदारों की खासी भीड़ रही। मिठाइयां, भगवान की मूर्तियां, सजावट के सामान व पटाखों की बिक्री के अलावा खील-खिलौने भी जमकर बिके।
बाजारों में सुबह से लेकर शाम तक यह माहौल था कि न दुकानदारों को फुर्सत थी और खरीदारों की कमी रही। सड़कों पर भीड़ के अतिरेक के बीच बाजारों में जाम के हालात रहे। लोगों ने पूजा-अर्चना के अलावा घरों को सजाने के सामान की खरीद की। त्योहार को लेकर घंटाघर, बाबूगंज, गांधी मार्केट, मेहतापार्क रोड सहित प्रमुख बाजारों में देर शाम तक लोग तैयारियों को अंतिम रूप देते रहे। पर्व की आवश्यक वस्तुओं की भी जमकर खरीददारी की गई। घरों को सजाने के लिए विद्युत झालरें, केंडल खूब बिकीं। वहीं खील-खिलौने, बतासे, कलेंडर, मूर्तियां खरीदने को भी लोग व्यस्त दिखे।
व्यापारियों ने भी पूजन के लिए तैयारियां की। मिष्ठान विक्रेताओं के यहां भी खरीदारी को खासा हुजूम दिखाई दिया। उधर त्योहार मनाने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से लोगों की घर वापसी होती रही। लोग आने वालों के इंतजार में दिखे। बच्चे पूरी तरह त्योहार मनाने को उत्साहित दिखाई दिए। दीवाली को लेकर पुष्प विक्रेताओं के यहां दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। इसके अलावा दीवाली की शुभकामनाओं की सोशल मीडिया पर धूम है। इस बीच मंगलवार को नरक चतुर्दशी भी मनाई गई।