गांव असरौली में बुखार से दो की मौत
डेढ़ दर्जन को डेंगू कई लोग आगरा में भर्ती पड़ोसी गांव कसैटी में पहले से ही बुखार का प्रकोप
एटा: शीतलपुर ब्लाक क्षेत्र के गांव कसैटी के साथ ही अब पड़ोसी गांव असरौली में भी बुखार ने धावा बोल दिया है। आठ दिनों में दो लोगों की मौत हो चुकी है। करीब डेढ़ दर्जन लोगों को डेंगू निकल चुका है। शहर के निजी अस्पतालों के अलावा कई लोग आगरा के अस्पतालों में भी भर्ती हैं।
इस गांव में 15-20 दिनों से लोग से बुखार की चपेट में आ रहे हैं। पहले एक-दो लोग बुखार की चपेट में आए। देखते ही देखते संख्या बढ़ती गई। सौ से अधिक लोग बुखार से ग्रसित हैं। इनमें से दो दर्जन लोग शहर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। गंभीर आठ लोग आगरा में भर्ती हैं।
अनिल की तीन पुत्री और एक पुत्र को बुखार है। इनमें से एक पुत्री अर्शिका को जांच में डेंगू पाया गया है। शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। उसकी मां विजय राजपूत ने बताया कि पारिवारिक सदस्यों में विशाल और रवीना को भी डेंगू निकला है। मुहल्ले के हर घर में किसी न किसी को बुखार है। बुखार के बाद लोगों की प्लेटलेट्स बेहद कम हो जाती हैं, इससे लोग भयभीत हैं। सोमवार को गांव कसैटी में मिले तीन, असरौली में एक डेंगू पीड़ित:
स्वास्थ्य विभाग की टीमें सोमवार को असरौली, कसैटी और विरामपुर पहुंचीं। गांव कसैटी में 19 लोगों की जांच की गई, जिनमें से अमृता, आरती और सौरभ को रैपिड जांच में एनएस-1 निकला। वहीं, असरौली में नरगिस संक्रमित पाई गई। चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आठ दिन के अंतराल में बुखार से दो लोगों की मौत हो चुकी है। 150-200 लोग बीमार हैं। कोई झोलाछाप तो कोई निजी अस्पतालों में इलाज ले रहा है। कई लोगों को डेंगू है। आठ-दस लोग गंभीर हालत में आगरा के अस्पतालों में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीम खानापूर्ति कर चली जाती हैं।
- छोटेलाल असरौली में बुखार के ज्यादा मामले और इनसे मौत के मामले संज्ञान में नहीं आए हैं। वहां टीम भेजकर छिड़काव आदि कराया जा रहा है।
- डा. अरविद कुमार गर्ग, सीएमओ