सपा से गठबंधन प्रसपा की प्राथमिकता: शिवपाल
नहीं हुआ गठबंधन तो अन्य दलों से करेंगे बात प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर राममंदिर के फैसले के बाद मुस्लिम पक्ष की अपील पर बोले-अब विकास की बात हो
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रसपा वर्ष 2022 के चुनाव की तैयारी कर रही है। सपा से गठबंधन प्रसपा की प्राथमिकता है। यदि सपा से गठबंधन नहीं हो पाया तो बाद में देखेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और अधिकारियों की मनमानी के आरोप लगाए।
सोमवार दोपहर दो बजे निजी कार्यक्रम में फीरोजाबाद पहुंचे पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश की सड़कें न तो गड्ढामुक्त हो पाईं और न विकास हो पाया है। प्रदेश में भ्रष्टाचार पहले साल तो पांच गुना बढ़ा हुआ था, लेकिन अब सौ फीसद तक पहुंच गया है। अधिकारियों की मनमानी चल रही है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा देश आर्थिक मंदी से जूझ रहा है। लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी की तैयारियों पर कहा कि हम अपनी तैयारी में लगे हैं। यदि सपा से गठबंधन नहीं हो पाता है तो पार्टी उन दलों से गठबंधन करेगी तो सम्मान देंगे।
राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मुस्लिम पक्ष द्वारा फैसले के खिलाफ अपील के सवाल पर प्रसपा अध्यक्ष ने कहा कि वैसे तो सभी लोग स्वतंत्र हैं। हम तो आम सहमति के पक्षधर थे, लेकिन आम सहमति नहीं बन पाई। सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला दिया है, उसे सबको मानना चाहिए। अब विकास की बात होना चाहिए। देश से गरीबी और बेरोजगारी खत्म होना चाहिए। कानून व्यवस्था ठीक रहे।