गोदाम में लगी आग, लाखों की तंबाकू राख
पटियाली संस। कस्बा की मछली मंडी में किराए के गोदाम में रखी तंबाकू की फसल में आग लग गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। किसान जब तक पहुंचे तब तक फसल जलकर राख हो गई थी।
पटियाली, संस। कस्बा की मछली मंडी में किराए के गोदाम में रखी तंबाकू की फसल में आग लग गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। किसान जब तक पहुंचे तब तक फसल जलकर राख हो गई थी।
क्षेत्र में तंबाकू का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है। किसानों द्वारा मछली मंडी में किराए का गोदाम लेकर तंबाकू की फसल रखी है। शुक्रवार देर रात अचानक गोदाम में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने तंबाकू की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर गश्त कर रही पुलिस ने जब इसे देखा तो दमकल को फोन किया। इधर किसानों को खबर मिली तो किसान भी दौड़े-दौड़े यहां पर पहुंचे। दमकलों की गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से किसान विनोद कुमार दुबे, संजीव कुमार, राजीव कुमार आदि की करीब पांच लाख की फसल जलकर राख हो गई।
धुएं से परेशान रहे क्षेत्रीय लोग
इधर आग लगने से निकलने वाले धुएं से आसपास के लोग भी परेशान रहे। तंबाकू जलने से धुएं की तीव्रता बढ़ गई थी। स्थिति यह थी रात में आग बुझ जाने के बाद सुबह जेसीबी से जली हुई तंबाकू को समेटने के प्रयास हुए तो जेसीबी चालक भी काफी देर तक धुएं से परेशान रहा। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि तंबाकू के गोदामों को आबादी से बाहर किया जाए।