एटा के गांव में घुस आया मगरमच्छ, दहशत में आए ग्रामीण; वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
एटा के बेंदुला गांव में काली नदी से एक मगरमच्छ घुस आया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वन विभाग ...और पढ़ें

वन विभाग की टीम द्वारा रेस्क्यू किया गया मगरमच्छ।
HighLights
एटा के बेंदुला गांव में काली नदी से आया मगरमच्छ।
एक महीने में दूसरी बार गांव में मगरमच्छ का प्रवेश।
जागरण संवाददाता, एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के गांव बेंदुला में बुधवार रात को काली नदी से निकलकर मगरमच्छ पहुंच गया। गलियों में मगरमच्छ को घूमता देख लोगों में डर फैल गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर वन विभाग की टीम पहुंच गई।
टीम मगरमच्छ का रेस्क्यू करके उसे अपने साथ पकड़ कर ले गई। इसके बाद लोगों को राहत मिल सकी। ग्रामीणों ने बताया कि एक बार पहले भी गांव में मगरमच्छ घुस आया था। शीतलपुर विकास खंड के गांव बेंदुला में दूसरी बार गलियों में लोगों ने मगरमच्छ घूमता हुआ देखा। बेंदुला निवासी योगेश कुमार बुधवार रात करीब दो बजे खेत पर जा रहे थे।
उसी समय उन्होंने गांव की सड़क पर मगरमच्छ देखा। इसे देख वह डर गए और उन्हाेंने मामले की जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी। इसे लेकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। तभी लोगों ने साहस दिखाते हुए बांध लिया। जिससे किसी व्यक्ति और बच्चे पर वह हमला न कर सके। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। जहां वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू करते हुए मगरमच्छ को पकड़ लिया। इसके बाद टीम के लोग उसे अपने साथ गांव से ले गए। मगरमच्छ के जाने के बाद ग्रामीणों को राहत की सांस मिल सकी। वहीं ग्रामीण संतोष उपाध्याय ने बताया कि गांव के पास में ही काली नदी है।
जहां से एक माह पहले भी मगरमच्छ गांव में घुस आया था। जिसे भी वन विभाग की टीम पकड़ कर ले गई थी। लगातार दूसरी बार मगरमच्छ के गांव पहुंचने को लेकर लोगों में डर बना हुआ है।
