ऑक्सीमीटर-सैनिटाइजर गायब, केवल थर्मल स्क्रीनिग
विकास भवन में नहीं हो रहा कोविड गाइडलाइन का पालन आमजन और कर्मचारी नहीं लगा रहे मास्क दूरी का पालन भी नहीं
एटा, जासं। कोरोना का खतरा बढ़ रहा है, लेकिन सरकारी महकमों में लापरवाही नजर आ रही है। कोविड हेल्प डेस्क सही से काम नहीं कर रहीं।
विकास भवन का भी हाल कुछ ऐसा ही है। यहां से ऑक्सीमीटर और सैनिटाइजर गायब हो चुका है। अब केवल थर्मल स्क्रीनिग से ही काम चलाया जा रहा है। मास्क और शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं किया जा रहा।
जागरण की टीम ने सोमवार को विकास भवन में कोविड प्रोटोकॉल का हाल जाना। मुख्य द्वार पर कोविड हेल्प डेस्क तो बनी थी, लेकिन यहां केवल थर्मल स्कैनर ही उपलब्ध था। पूर्व में सैनिटाइजर और पल्स ऑक्सीमीटर भी होते थे, जो सोमवार को नजर नहीं आए। लोगों के शरीर का तापमान नापने वाले कर्मचारी ही बिना मास्क के बैठे थे। अन्य लोगों को भी मास्क लगाने के लिए नहीं टोक रहे थे। अधिकांश लोग बिना मास्क के ही प्रवेश करते नजर आ रहे थे। विकास भवन के अंदर विभिन्न कार्यालयों का हाल देखा। हर जगह कोविड गाइडलाइन की धज्जियां उड़ती दिखीं। अधिकांश कर्मचारी बिना मास्क और मानक शारीरिक दूरी के बैठे थे। कई जगह तो लोग झुंड लगाकर बात करते दिखे। यह हाल तब है, जबकि कुछ दिन पहले मुख्य विकास अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। डीडीओ एसएन कुशवाह ने बताया कि कोविड गाइडलाइन का पूर्णत: पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। कहीं लापरवाही बरती जा रही है तो चेतावनी देकर सुधार कराया जाएगा।