इंजीनियर बनना चाहते दोनो टॉपर, एक कंडक्टर का बेटा
आइएससी तथा आइसीएसई के दोनों टॉपर्स इंजीनियर बनना चाहते हैं। टॉप-
एटा, जागरण संवाददाता : आइएससी तथा आइसीएसई के दोनों टॉपर्स इंजीनियर बनना चाहते हैं। टॉप-3 में रहे मेधावियों का अन्य क्षेत्रों में जाने का लक्ष्य है।
आइएससी टॉपर वैभव कुशवाह अशोक नगर निवासी अधिवक्ता गिर्राजपाल सिंह के बेटे हैं। रोज छह घंटे पढ़ाई के साथ वह कंप्यूटर इंजीनियर बनने को तैयारी कर रहे हैं। टेक्नोलॉजी संबंधी नई जानकारी पाना उनका शौक तो है ही वहीं चाणक्य को प्रेरणास्त्रोत मानते हैं। दूसरे स्थान पर रहीं अंजलि यादव सेना के जवान जुगेंद्र सिंह की बेटी हैं तथा उनकी तमन्ना सीए बनने की है। तीसरा स्थान पाने वाली मानसी गुप्ता आहता सोवरन सिंह निवासी ट्रांसपोर्टर विजय गुप्ता की पुत्री हैं। वह सीए की तैयारी कर रही हैं।
आइसीएसई टॉपर मयंक यादव रोडवेज में परिचालक जितेंद्र यादव के बेटे हैं। गणितज्ञ रामानुजम को प्रेरणादायी मानने के साथ वह आइआइटी के जरिए इंजीनियर बनने की तमन्ना लिए हैं। दूसरे स्थान पर रहे मयंक यादव रुस्तमपुर, कुरावली निवासी कृषक मुनीष यादव के पुत्र हैं, जोकि डाक्टर बन देश की सेवा करना चाहते हैं। वह क्रिकेटर विराट कोहली के फैन हैं। तृतीय स्थान पर रहे आदित्य माथुर भी ग्राम कवार के कृषक जितेंद्र कुमार के बेटे हैं, जिन्होंने एनडीए के जरिए भारतीय सेना में देश की सेवा करने का मन बनाया है।