एटा में अब विधानसभा मतदाता पुनरीक्षण में जुटेगी भाजपा
पार्टी ने बैठक कर जिला स्तर पर बनाई योजना मंडल स्तर पर की जाएगी कामकाज की समीक्षा
एटा: विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। मतदाता पुनरीक्षण को लेकर पार्टी गंभीर है। ज्यादा से ज्यादा वोट बनवाए जाएं इस पर जोर देते हुए पार्टी ने कार्य योजना बनाई और मंडल अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी है।
बुधवार को भाजपा कार्यालय पर हुई जिला कमेटी की बैठक में मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की योजना बनाई गई। इस बैठक में पार्टी के जिलाध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम में भागीदारी निभाएं तथा बीएलओ के संपर्क में रहें। जिन मतदाताओं के नए वोट बनने हैं, उनके घरों पर जाकर कार्यकर्ता उनसे संपर्क करें और उनके वोट बनवाएं। सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने कहा कि मतदाता सूचियों पर कार्यकर्ता नजर बनाए रखें। मतदाता सूचियों में सुधार के साथ नए मतदाताओं को जुड़वाने में मदद करें। हर साल काफी संख्या में युवक नए मतदाता बनते हैं। मारहरा विधायक वीरेंद्र लोधी ने कहा कि मारहरा विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारियों के साथ तालमेल बनाकर कार्य करें। अलीगंज के विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि इस समय जितने भी वोट कार्यकर्ता बनवाएं, उन सभी मतदाताओं को पार्टी के साथ जरूर जोड़ें। बैठक में मंडल स्तर की बैठकों की तिथियां भी तय की गईं। मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रत्येक मंडल में समीक्षा की जाएगी। इससे पहले मंडल स्तरीय बैठकें दो दिन होंगी। पहली बैठक गुरुवार को होगी। जिला महामंत्री सुशील गुप्ता, पंकज चौहान, विनीत भारद्वाज, कौशलेंद्र राठौर, मीडिया प्रभारी विक्रांत माधौरिया समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।