महामृत्युंजय विधान में जमकर झूमीं श्राविकाएं
भगवान महावीर की जयंती पर आयोजित तीन दिवसीय मेला महोत्सव के दूसरे दिन घंटाघर स्थित कुंडल नगरी पंडाल का माहौल गुरुवार को श्रृद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। श्राविक-श्राविकाओं ने जहां भगवान को पलना झुलाया। वहीं महामृत्युंजय विधान में भक्ति पूर्वक पूजा अर्चना की।
एटा, जासं। भगवान महावीर की जयंती पर आयोजित तीन दिवसीय मेला महोत्सव के दूसरे दिन घंटाघर स्थित कुंडल नगरी पंडाल का माहौल गुरुवार को श्रृद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। श्राविक-श्राविकाओं ने जहां भगवान को पलना झुलाया। वहीं महामृत्युंजय विधान में भक्ति पूर्वक पूजा अर्चना की।
पंडाल में सुबह भगवान महावीर का अभिषेक शांतिधारा और पूजन किया गया। तदुपरांत मुनिश्री सुरत्न सागर महाराज, मुनिश्री वीर सागर महाराज के सानिध्य में विधान संपन्न हुआ। महामृत्युंजय विधान की शुरुआत विनय पाठ से हुई उसके बाद पूजा कराई गई। पूजा में श्रावक भक्ति में लीन होकर नृत्य करते हुए नजर आए। महामृत्युंजय विधान ब्रम्हचारणी मधु, सीमा, प्रीति, इंदिरा आदि ने विधिपूर्वक सम्पन्न कराया। विधान को संगीतमय स्वर मध्यप्रदेश के सागर से आई मयूर एण्ड पार्टी ने दिए। इसके बाद भगवान के जन्म कल्याणक गीतों का आयोजन महिला मंडल द्वारा किया गया। बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। जिसमें नाट्यकला का प्रदर्शन, भजन संध्या और बॉलीवुड मिमिक्री का आयोजन सागर के कलाकारों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान सुनीता जैन, पवित्रा जैन, राजकुमारी जैन, चित्रा जैन, पूनम जैन, इंद्रा जैन, कुमकुम, अन्नू, विशाल जैन, संदीप जैन, सतीश जैन आदि लोग मौजूद रहे।