बकरीद पर अमन-चैन की दुआ को उठे हाथ
अकीदत और एहतराम के साथ मनी ईद-उल-अजहा कुर्बानी के बाद चला दावतों का सिलसिला
जागरण संवाददाता, एटा : जिले में सोमवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार अकीदत और एहतराम के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। इस दौरान जिलेभर की इबादतगाहों में हुई नमाज में अमन-चैन की दुआ मांगी गई और एक-दूसरे के गले मिल मुबारकबाद दीं। कुर्बानी के बाद दावतों का सिलसिला देरशाम तक चलता रहा। शहर में मुसाफिरखाना और नगला पोता में अदा की गई नमाज में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने भाग लिया।
सुबह 8 बजे मुसाफिरखाना पर हजारों की तादाद में मुस्लिम समुदाय के लोग एकत्रित हुए और सड़क पर नमाज अदा की गई। हाइवे की दोनों ओर की सड़कें लोगों से भरी हुई थीं। नमाज से पहले मौलाना कारी इदरीश अली ने तकरीर दी और लोगों को नमाज का महत्व बताया। नमाजियों में बच्चे, बुजुर्ग, युवा शामिल थे। पूरा माहौल ईद के पर्व में रंगा हुआ था। मुसाफिरखाना के बाद 8.30 बजे नगला पोता स्थित मस्जिद पर हजारों की तादाद में नमाजियों ने नमाज अदा की और लोगों के सुकून, अमन-चैन की दुआ की। परंपरागत रूप से दोनों ही स्थानों पर बड़ी नमाज होती हैं इसलिए यहां सुरक्षा व्यवस्था भी चौकस कर दी गई थी।
हाईवे पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित था। शहर के विभिन्न मार्गो से वाहनों को निकाला जा रहा था। पुलिस ने हाईवे की सड़क के दोनों ओर अवरोधक लगाकर रास्ता बंद कर दिया था। शहर की सभी इबादतगाहों में नमाज शांति के साथ संपन्न हो गई। इसके साथ बकरों की कुर्बानी देने का सिलसिला शुरू हो गया और दिनभर यह दौर चलता रहा। लोगों ने अपनी-अपनी मनौतियां मांगते हुए कुर्बानी दी है। शहर में जीटी रोड पर जिला प्रशासन, नगरपालिका व सभी राजनैतिक दलों ने ईद की मुबारकबाद देने के लिए कैंप लगाए थे। जिनमें एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी गई। इस दौरान जिलाधिकारी सुखलाल भारती, एसएसपी स्वप्निल ममगाई, अपर पुलिस अधीक्षक क्राइम राहुल कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन केपी सिंह, सीओ सिटी देव आनंद, एसडीएम नंदलाल के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।