पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, गंभीर
देवरिया के भटवलिया चौराहे के समीप देर रात हुई घटना।
देवरिया: शहर के भटवलिया चौराहा के समीप शुक्रवार की रात बाइक सवार एक युवक को पुरानी रंजिश में गोली मार दी गई। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को मेडिकल कालेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है। उधर इस मामले में चार के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है। एक आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शहर के लक्ष्मी नारायण मंदिर न्यू बस्ती निवासी अमन सिंह पुत्र सत्यभान सिंह रात में बाइक से घर जा रहे थे, भटवलिया के समीप चार लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें घेर लिया और कहासुनी होने लगी। अभी वह कुछ समझते, उसके पहले ही उन पर युवकों ने गोली चला दी। जिससे अमन सिंह घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। इस मामले में आयुष राज श्रीवास्तव निवासी महराजगंज थाना कोतवाली की तहरीर पर अमित शुक्ला, विक्की तिवारी, सत्यम तिवारी, प्रभाकर शाही निवासी अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चौकी प्रभारी सिविल लाइन महेंद्र मोहन मिश्रा ने कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है।