शारीरिक दूरी बनाकर लोगों का करें सहयोग: कृषि मंत्री
देवरिया में कृषि मंत्री व सांसद ने सामग्री लदे वाहन को रवाना किया।
देवरिया: कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि भाजपा की तरफ से लोगों की मदद की जा रही है। प्रदेश सरकार व संगठन दोनों मिलकर कोरोना वायरस के खिलाफ मजबूती से लड़ रहे हैं। संकट की इस घड़ी में जरूरतमंद लोगों की हर आवश्यकता पूरी की जा रही है। कार्यकर्ता सुरक्षा का ध्यान रखते हुए शारीरिक दूरी बनाकर लोगों का सहयोग करें।
कृषि मंत्री के अलावा सांसद रविद्र कुशवाहा व भाजपा जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह ने शहर के तहसील रोड से खाद्य सामग्री से लदे वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया। सांसद रविद्र कुशवाहा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से लोगों की मदद कर रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह ने कहा कि हर बूथ पर भाजपा का कार्यकर्ता सेवा कार्य कर रहे हैं। पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के महुआडीह, पथरदेवा, देसही देवरिया व तरकुलवा में वितरण के लिए 125 क्विटल चावल, 75 क्विटल आलू, 65 क्विटल प्याज, 30 क्विटल दाल, 20 क्विटल नमक, पांच हजार पैकेट मसाला, 250 एमएल का पांच हजार पीस सरसों तेल ,40 क्विटल चीनी, हरी सब्जी, खीरा, पांच हजार पीस लाइफबॉय साबुन, एक हजार पीस सैनिटाइजर व प्रथम चरण में 12 हजार पीस मास्क का वितरण किया जाएगा। पूर्व जिलाध्यक्ष अनिरुद्ध मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, आशुतोष सिंह, अजय शाही, श्रीनिवास मणि, रामशीष प्रसाद, डा. सत्यप्रकाश मणि, अमित सिंह बबलू, सीपी सिंह, अंबिकेश पांडेय, दिवाकर मणि त्रिपाठी, अजीत जायसवाल, भीम यादव, मोहित पांडेय, अशोक कुशवाहा, अखिलेश्वर राय, राजेश कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।