सपा के लिए कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण: राधेश्याम
पूर्व एमएलसी जेपी जायसवाल ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी के रीढ़ होते हैं। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं का हमेशा सम्मान करती है।
देवरिया: बैतालपुर स्थित सपा कैंप कार्यालय पर सेक्टर प्रभारी एवं बूथ अध्यक्ष कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन रविवार को हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण हैं। सपा कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। समाजवादी पार्टी कभी कार्यकर्ताओं के मान सम्मान से समझौता नहीं करती। आज ये कार्यकर्ता सम्मेलन पूरे प्रदेश को संदेश देने का कार्य करेगा।
कहा कि प्रदेश व देश के किसान सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं और सरकार के कानों पर जूं तक नही रेंग रहा है। उनकी बातों को मनाने की बजाय सरकार किसानों की तरफ ध्यान नहीं दे रही है। पूर्व एमएलसी जेपी जायसवाल ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी के रीढ़ होते हैं। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं का हमेशा सम्मान करती है। प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। पूर्व मंत्री रामभुआल निषाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा दबे कुचले शोषित लोगों के लिए संघर्ष करती है। भाजपा सरकार में लूट, हत्या, डकैती, बलात्कार की बाढ़ आ गयी है।
कुशीनगर के पूर्व जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही किसानों, नौजवानों छात्रों, महिलाओं की समस्याओं का समाधान कर सकती है। इस बीच बूथ, सेक्टर प्रभारियों व कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर ब्लाक प्रमुख राजाराम चौहान, विधानसभा अध्यक्ष राम नागेन्द्र यादव,रामलखन यादव, पूर्व चेयरमैन सुबास चंद मद्धेशिया, रुद्रपुर के विधानसभा अध्यक्ष रामसेवक यादव, महिला सभा की जिला उपाध्यक्ष अंकिता यादव, सुबास यादव ने संबोधित किया।
किसान विरोधी है कृषि कानून
देवरिया: समाजवादी शिक्षक सभा कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को कचहरी स्थित कार्यालय पर हुई। संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष कमलापति प्रजापति ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर संगठन का विस्तार करना है। इसकी सूची जिला इकाइ को दी जाएगी। कहा कि कृषि कानून किसानों के हित में नहीं है। इसे वापस लिया जाए। समाजवादी पार्टी लगातार कृषि बिल के विरोध में किसानों के साथ कंधा से कंधा मिला कर चल रही है। जब तक इस बिल को वापस नहीं लिया जाता है। समाजवादी पार्टी संघर्ष करती रहेगी। यहां मुख्य रूप से वृजलाल यादव, राधा प्रताप गोंड, हरिश्चन्द्र यादव, जितेन्द्र शर्मा, डिग्री चंद यादव, राधेश्याम विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।