संदिग्ध परिस्थिति में जलने से महिला शिक्षक की मौत
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के ग्राम सकरापार खुर्द के दुधई टोला में संदिग्ध परिस्थिति में जलने से एक शिक्षक की रविवार की देर शाम मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। मृतका के मामा ने परिजनों पर ही जलाकर मारने का आरोप लगाया है। हालांकि देर रात तक तहरीर नहीं दी गई थी।
देवरिया : रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के ग्राम सकरापार खुर्द के दुधई टोला में संदिग्ध परिस्थिति में जलने से एक शिक्षक की रविवार की देर शाम मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। मृतका के मामा ने परिजनों पर ही जलाकर मारने का आरोप लगाया है। हालांकि देर रात तक तहरीर नहीं दी गई थी।
गांव के श्रीनिवास की पहली शादी बघौचघाट थाना क्षेत्र के रामपुर महुआबारी निवासी भाजपा नेता रामाशीष के घर हुई थी। श्रीनिवास की पहली पत्नी का कुछ साल पहले निधन हो गया। श्रीनिवास की पहली पत्नी की बेटी काजल 19 वर्ष दुधई में ही रहती थी और एक निजी विद्यालय में पढ़ाती थी। इस बीच श्रीनिवास ने दूसरी शादी कर ली। वह सलेमपुर में सिलाई का कार्य करता है। रविवार की शाम अचानक उसके मकान से धुआं निकलने लगा। कुछ देर बाद लोगों ने देखा तो काजल का कमरा बंद था और उसकी जलने से मौत हो गई थी। इसके बाद काजल के चाचा ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। भांजी की मौत की सूचना पर पहुंचे रामाशीष ने कहा कि सौतेली मां से काजल की बनती नहीं थी। इसलिए वह अपने पिता के साथ नहीं रहती थी। काजल का पूरा खर्चा मेरे द्वारा दिया जाता था। काजल की हत्या की गई है। मैं पुलिस को तहरीर दूंगा। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने कहा कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। जांच की जा रही है। इसके बाद ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।