शराब की दुकान हटवाने को महिलाओं ने किया सड़क जाम
देवरिया के बरहज थाना क्षेत्र के पैना की देसी शराब की दुकान का विरोध कर रही थीं महिलाएं।
देवरिया: बरहज थाना क्षेत्र के पैना में स्थित देसी शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने राम-जानकी मार्ग को जाम कर दिया। जिससे एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह व प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडेय ने समझा-बुझाकर महिलाओं को सड़क से हटाया।
सैकड़ों की संख्या में महिलाएं शराब की दुकान हटवाने की मांग कर रहीं थीं। महिलाओं का कहना है कि शराब की दुकान की वजह से शराबी आए दिन महिला व लड़कियों के साथ छेड़खानी करते हैं। कई बार विवाद भी हुआ है। एक सप्ताह पूर्व भी प्रदर्शन कर चेतावनी दी गई थी लेकिन अधिकारियों ने संज्ञान नहीं लिया। जब शराब की दुकान नहीं हटेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। नायब तहसीलदार ने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। तारा देवी, इमरती देवी, गीता, सरिता, किशोरी, सुशीला, होशील, फूलमती, सुनीता, शकुंतला देवी मौजूद रहीं।