25.67 लाख पौधे लगवाएगा वन विभाग
देवरिया में जुलाई से पौधारोपण अभियान शुरू होगा।
देवरिया : वन विभाग 25.67 लाख पौधे लगवाने की तैयारी में है। इसकी शुरुआत जुलाई में होगी। 2333 हेक्टेयर क्षेत्र में होने वाले पौधारोपण के लिए 50 फीसद गड्ढे तैयार करा लिए गए हैं।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में वन विभाग का यह प्रयास संजीवनी का काम करेगा। वित्तीय वर्ष 2020-21 के इस अभियान में विकास, मनरेगा, शिक्षा, जिला कार्यक्रम, कृषि, पंचायती राज विभागों के साथ स्वयंसेवी संगठनों व शैक्षणिक संस्थानों का भी सहयोग लिया जाएगा। वन विभाग स्वयं पौधरोपण करने के साथ दूसरे विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और किसानों को भी पौधे उपलब्ध कराएगा। एक हेक्टेयर क्षेत्र में 1100 पौधे लगाए जाएंगे। इसमें छायादार और फलदार दोनों तरह के वृक्ष होंगे। पर्यावरण संरक्षण के साथ श्रमिकों को रोजगार भी मिलेगा।
इस संबंध में डीएफओ पीके गुप्ता ने बताया कि बरसात शुरू होने से पहले गड्ढों की खोदाई पूरी करा ली जाएगी। सभी विभागों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है।