चरागाह से गेहूं की फसल काटने वालों पर होगी कार्रवाई
देवरहा बाबा आश्रम के चरागाह की जमीन से गेहूं की फसल दबंगों द्वारा काट लेने का मामला अब गंभीर हो गया है। जिलाधिकारी अमित किशोर व पुलिस अधीक्षक किरीट राठोड गुरुवार को देवरहा बाबा आश्रम पहुंचे और चरागाह का निरीक्षण किया।
देवरिया : देवरहा बाबा आश्रम के चरागाह की जमीन से गेहूं की फसल दबंगों द्वारा काट लेने का मामला अब गंभीर हो गया है। जिलाधिकारी अमित किशोर व पुलिस अधीक्षक किरीट राठोड गुरुवार को देवरहा बाबा आश्रम पहुंचे और चरागाह का निरीक्षण किया। साथ ही फसल काटने पर उन्होंने कर्मचारियों की लापरवाही मानते हुए नाराजगी जताई। साथ ही फसल काटने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा तत्काल कंबाइन मंगाकर बची हुई गेहूं की फसल की कटाई भी शुरू करा दी।
दोपहर बाद जिलाधिकारी व एसपी देवरहा बाबा आश्रम पहुंचे, जहां महंथ श्याम सुंदर दास ने चरागाह से गेहूं की फसल दबंगों द्वारा काट लिए जाने की शिकायत की। जिस पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार बरहज को फटकार लगाई। साथ ही दबंगों से दो दिन के अंदर गेहूं वापस कराने का निर्देश दिया। ऐसा न होने पर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।