डीएम ने किया निरीक्षण, मिली अनियमितता
जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने शुक्रवार की शाम जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। जेल अस्पताल में 11 बंदी भर्ती मिले।
By Edited By: Published: Sat, 31 Aug 2019 09:00 AM (IST)Updated: Sat, 31 Aug 2019 09:00 AM (IST)
गोरखपुर, जेएनएन : जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने शुक्रवार की शाम जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। जेल अस्पताल में 11 बंदी भर्ती मिले। इनको कौन सी बीमारी है,इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। अस्पताल के रजिस्टर में भी उन बंदियों के बारे में विवरण दर्ज नहीं पाया गया। चिकित्सक भी उस समय मौजूद नहीं रहे। डीएम ने आराम फरमाते इन कैदियों के बारे में पूरी रिपोर्ट मांगी है। डीएम ने जेलर को कैदियों का रजिस्टर दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। यहां इलाज करा रहे कैदी राजा राम और राम शुक्ला से उनकी तबीयत के बारे में पूछा। एक बंदी ने उनसे शिकायत की उसे लखनऊ दिखाने समय से नहीं ले जाया जाता है। देर से पहुंचने के चलते डाक्टर नहीं मिलते हैं। डीएम ने जेलर को इस समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया। डीएम के साथ एडीएम रमेश चंद्र तिवारी, एएसपी पंकज कुमार, एसडीएम शिव प्रकाश शुक्ला भी मौजूद रहे। डीएम ने जेलर से कैदियों को खाना दिए जाने का समय पूछा तो बताया गया शाम साढ़े पांच बजे से भोजन बांटना प्रारंभ हो जाता है। खाने की गुणवत्ता भी परखी। जेल अस्पताल में दुर्गंध और परिसर में गंदगी पाए जाने पर नाराजगी जताई। जगह-जगह प्लास्टिक के गिलास बिखरे मिलने पर उसे कूड़ादान में ही डालने का निर्देश दिया। कारागार के अंदर बनी नालियां जाम और गंदी पाईं गईं। पानी की भी उचित व्यवस्था नही थी। महिला कैदियों से भी डीएम ने मुलाकात की। दो बच्चों के साथ रह रही कैदी पूजा से उसका हालचाल जाना। महिला कैदियों ने बताया कि दूध और फल समय से मिलता है। डीएम ने जेलर सतीश चंद्र मिश्रा को नाली की मरम्मत का प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा। महिलाओं को रोजगार परक प्रशिक्षण दिलाए जाने के निर्देश दिए। ---
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें