गले से चेन खींच रहीं दो महिलाएं गिरफ्तार
देवरिया के लाहिलपार दुर्गा मंदिर परिसर में हुई घटना।
देवरिया: सदर कोतवाली के लाहिलपार दुर्गा मंदिर में पूजा करने गई एक महिला श्रद्धालु के गले से सोने की चेन उड़ाते दो महिलाएं मंगलवार को गिरफ्तार कर ली गईं। मुकदमा दर्ज कर कोतवाली पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
सदर कोतवाली के सिसवा गांव की शांति देवी पत्नी हरिहर वर्मा पूजा करने के लिए लाहिलपार देवी मंदिर गई थीं। इस दौरान दो महिलाओं ने उनके गले से सोने की चेन उड़ा दिया। चोरी का एहसास होते ही महिला ने शोर किया तो दोनों महिलाएं पकड़ ली गई। उनके पास से चेन बरामद कर ली गई। महिलाओं ने अपना नाम गीता पत्नी रामसंदेश निवासी बड़हरा थाना कोतवाली व असरफी देवी पत्नी दूधनाथ निवासी कुसहरी थाना रामपुर कारखाना बताया। उप निरीक्षक परमेश्वर सिंह ने कहा कि आरोपित महिलाओं को जेल भेज दिया गया है।
सरयू नदी से महिला का शव बरामद
बरहज थाना क्षेत्र के परसिया कुरह के समीप सरयू नदी से मंगलवार की दोपहर चालीस वर्षीय एक महिला का शव पुलिस ने बरामद किया। महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। गांव के सामने साधु की मड़ई से करीब सौ मीटर पूरब सरयू नदी में उतराया हुआ शव लोगों ने देखा। महिला के गले में रस्सी से पत्थर बांधा गया था। शरीर पर गुलाबी रंग की साड़ी थी। थानाध्यक्ष अनिल पांडेय ने कहा कि शव की शिनाख्त का प्रयास चल रहा है।
कमरे में सो रही बालिका के साथ छेड़खानी
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को कमरे में सो रही एक बालिका के साथ युवक ने छेड़खानी की। बालिका के शोर करने पर परिवार के सदस्यों ने आरोपित को पकड़ लिया लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की।