जागरूकता लाना ही महात्मा गांधी संकल्प यात्रा का उद्देश्य
पदाधिकारियों की बैठक में बोले सांसद डा.रमापति राम त्रिपाठी
देवरिया: सांसद डा. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि गांधी संकल्प यात्रा का मकसद हर लोकसभा में 150 किमी की पद यात्रा कर गांवों में जाकर स्वच्छता, सिगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार, जल संरक्षण, पौधारोपण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के लिए जागरूक करना है। तभी इस यात्रा की सार्थकता प्रमाणित होगी। वह बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की तरफ से महात्मा गांधी संकल्प यात्रा को सफल बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा सुव्यवस्थित ढंग से कैसे चले, इसकी जिम्मेदारी आप सभी की है। इस यात्रा से गांव स्तर पर लगे कार्यकर्ताओं के अंदर भी नेतृत्व की क्षमता विकसित कर सकते हैं। यह यात्रा जिस रूट से जाए, वहां के बूथ प्रमुख, सेक्टर प्रमुख, सेक्टर प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मंडलों के पदाधिकारी, उस गांव के प्रमुख लोगों तक यात्रा के कार्यक्रम की सूचना अनिवार्य रूप से देनी होगा। महात्मा गांधी संकल्प यात्रा के जिला संयोजक अजय कुमार दूबे ने कहा कि पद यात्रा की सभी तैयारियां पूरी हो गई है। यह यात्रा गांधी जयंती से शुरू है, लेकिन बीच मे नवरात्रि और दशहरा की वजह से पद यात्रा को रोका गया था। अब यह यात्रा फिर चलेगी। देवरिया विधानसभा क्षेत्र में यह यात्रा 15, 16 व 17 अक्टूबर, पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र में 22, 23 व 24 अक्टूबर और रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र में 25,26 व 27 अक्टूबर को चलेगी। इस दौरान डा. अंतर्यामी सिंह, रविद्र प्रताप मल्ल, संजय राव, अवधेश सिंह, प्रतीक मिश्र, अंबिकेश पांडेय, नवीन सिंह, अभिजीत उपाध्याय, गिरिजेश सिंह, नित्यानंद पांडेय, प्रमोद शाही, कृष्णकुमार उपाध्याय, सर्वेश नाथ त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।