पांच दिन से गायब मासूम का मिला शव, हत्या की आशंका
बरहज थाना क्षेत्र के ग्राम बेलडाड़ से पांच दिन से गायब एक बालिका का शव सरयू नदी के छाड़न में झाड़ियों के पास से शनिवार को बरामद किया गया। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
देवरिया: बरहज थाना क्षेत्र के ग्राम बेलडाड़ से पांच दिन से गायब एक बालिका का शव सरयू नदी के छाड़न में झाड़ियों के पास से शनिवार को बरामद किया गया। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मौके पर डीएम-एसपी समेत अन्य अधिकारी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सर्विलांस टीम के साथ ही फोरेंसिक विभाग की टीम भी पहुंची और जांच की। लोग हत्या कर शव फेंके जाने की बात कह रहे हैं। इसके अलावा तरह-तरह की संभावनाएं भी जताई जा रही है।
गांव की संध्या 6 पुत्री राजकुमार साहनी मंगलवार को गांव में हो रहे भागवत में कथा सुनने गई थी। देर रात तक वह लौट कर नहीं आई तो परिजन उसकी तलाश किए, लेकिन पता नहीं चल सका। पुलिस को तहरीर मिली तो पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन कर रही थी। शनिवार को ननिहाल में रह रहा सन्नी मछली मारने को गया था, इस बीच उसने शव देखा तो शोर किया। आसपास के लोग पहुंचे तो उसकी शिनाख्त संध्या के रूप में की। मौके पर डीएम अमित किशोर व एसपी डा.श्रीपति मिश्र पहुंचे और जानकारी ली। लोगों का कहना है कि बालिका की हत्या कर पहले शव कहीं रखा गया था, बाद में उसे फेंक दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।