देवरिया के लाल ने पाकिस्तान में दिखाया दमखम
देवरिया: पाकिस्तान के फैसलाबाद में खेले गए अंडर-19 साउथ एंड सेंट्रल एशिया मेंस यूथ आइएचएफ
देवरिया: पाकिस्तान के फैसलाबाद में खेले गए अंडर-19 साउथ एंड सेंट्रल एशिया मेंस यूथ आइएचएफ जूनियर ट्राफी 2018 में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता है। देवरिया के लाल अमर मणि त्रिपाठी इस विजेता भारतीय टीम के न केवल हिस्सा रहे, बल्कि अच्छा खेल का प्रदर्शन किया।
बैतालपुर के जमुना गांव निवासी जनार्दन मणि का पुत्र अमर मणि त्रिपाठी साईं स्पोर्ट्स हैंडबाल हास्टल सैफई में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। उसका चयन भारतीय हैंडबाल टीम में हुआ। इसके पूर्व वह राज्य स्तरीय टीम का हिस्सा रहा। अपने बेहतर खेल के प्रदर्शन की बदौलत भारतीय हैंडवाल टीम में अपनी जगह बनाई। टीम में कुल 15 खिलाड़ी शामिल थे। अमर मणि ने बताया कि पाकिस्तान के फैसलाबाद में 10 से 15 मार्च के बीच चले इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम खेली और विजेता बनकर स्वर्ण पदक हासिल की। अमर मणि ने बताया कि उनकी शुरुआती देवरिया के स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई। उसके बाद राज्य स्तरीय टीम में चयन हो गया। अमर मणि की मां संदल मणि कहती हैं कि बेटे की जीत पर वह बेहद खुश हैं। उन्हें उम्मीद है कि बेटा आगे भी अपने खेल की बदौलत प्रदेश व देश का नाम रोशन करेगा। इस सफलता पर क्षेत्र के केन यूनियन चेयरमैन अनिल मणि त्रिपाठी, श्रीनिवास मणि, बसंत मणि, विजय प्रताप मणि, भोला मणि आदि ने प्रसन्नता जाहिर की है।