सपा, बसपा और कांग्रेस को वोट मांगने का अधिकार नहीं: ओमप्रकाश
देवरिया में निर्दल प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह के समर्थन में आयोजित हुई जनसभा।
देवरिया: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि उप्र सरकार में रह कर मैंने विपक्ष की भूमिका निभाई, सवाल पूछा। वोट सपा, बसपा और कांग्रेस मांग रही है। इन्हे वोट मांगने का अधिकार ही नहीं है। वह सदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में निर्दल प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह उर्फ पिटू के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
कहा कि यूपी और बिहार के लोगों ने भाजपा को वोट दिया और कर्ज गुजरात के लोगों का माफ हुआ। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सिर्फ जुमला बोलते हैं। दिल्ली में 70 रुपये में 210 यूनिट बिजली मिलती है, जबकि यूपी में दो सौ तीस रुपये में। ऐसा क्यों है। यूपी में आरक्षण ठीक ढंग से लागू नहीं है। पिछड़ों को वजीफा 52 हजार मिलना चाहिए जो नहीं मिल रहा है। इस चुनाव से सरकार बनने बिगड़ने वाली नहीं है, लेकिन एक सीट मिलेगी तो हमारा अधिकार बढ़ेगा। भागीदारी संकल्प मोर्चा के बैनर तले विभिन्न दलों के नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया। रामकोला के विधायक रामानन्द बौद्ध, पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा, जनता क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौहान, भारत माता पार्टी के रामसागर बिद, महेंद्र राजभर, चंद्र भानु मौर्य, महेश प्रजापति आदि ने भी विचार व्यक्त किए।