दबंग बंदियों के लिए बनेगा तन्हाई बैरक
देवरिया जिला जेल में बैरक न होने से दूसरी जेलों में मनबढ़ बंदी शिफ्ट किए जाते हैं।
देवरिया: जिला कारागार में दबंगई करने वाले बंदियों के लिए अब छह तन्हाई बैरकों का निर्माण होगा। शासन ने इसके लिए हरी झंडी दे दी है। कार्यदायी संस्था इसके लिए जेल का निरीक्षण भी कर लिया है। अगले माह से निर्माण कार्य शुरू होने की बात कही जा रही है। इस बैरक के निर्माण के बाद जेल में दबंगई करने वाले बंदियों को रखा जाएगा।
जिला कारागार में देवरिया के अलावा कुशीनगर जनपद के भी बंदी रखे जाते हैं। जेल की क्षमता 533 कैदी की है, लेकिन इस समय तीन गुना से भी अधिक बंदी हैं। पहले इस जेल की गिनती शांतिपूर्ण जेल के रूप में होती रही। अप्रैल 2017 में बाहुबली अतीक अहमद के बंद होने के बाद जिला कारागार की व्यवस्था बिगड़ गई और इसकी गिनती हाईप्रोफाइल जेल के रूप में होने लगी। जिला कारागार में कई शातिर बदमाश बंद हैं, आए दिन कारागार में बंदियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। तन्हाई बैरक न होने से जेल प्रशासन को उन बंदियों को गैर जेल में भेजने की रिपोर्ट भेजनी पड़ती है। कुछ माह पहले शासन ने यहां दो तन्हाई बैरक बनाने की संस्तुति की थी, अभी निर्माण कार्य भी नहीं शुरू हुआ था, इस बीच शासन ने यहां छह तन्हाई बैरक बनाने की अनुमति देते हुए बजट भी पास कर दिया है। तन्हाई बैरक बनाने की अनुमति मिल गई है। कार्यदायी संस्था के लोग भी आकर मुआयना कर चुके हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
केपी त्रिपाठी, जेल अधीक्षक