सरयू का जलस्तर घटा फिर भी खतरे के निशान से ऊपर
चौबीस घंटे पांच सेमी कम हुआ नदी का जलस्तर
देवरिया: सरयू नदी के जलस्तर में शुक्रवार को कमी आई है। सरयू का तेवर नरम होने से प्रशासन और तटवर्ती गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि नदी खतरे के निशान से ऊपर प्रवाहित हो रही है। जलस्तर कम होने के बाद भी कटइलवा गांव में कटान जारी है।
थाना घाट पर बने गेज के अनुसार सरयू नदी शुक्रवार को खतरे के निशान 66.50 मीटर से 35 सेमी ऊपर 66.85 मीटर पर प्रवाहित हो रही है। गुरुवार को नदी 66.90 मीटर पर प्रवाहमान थी। जलस्तर में पांच सेमी की कमी मापी गई है। विशुनपुर देवार के मैदानी इलाकों में नदी का पानी फैल रहा है। राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। पानी से ग्राम भदिला प्रथम के लोगों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं।
एक बार फिर दोआबा पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। फिलहाल नदियां खतरे के निशान से दूर हैं। गेज स्थल भेड़ी के समीप राप्ती 66.90 मीटर वहीं पिड़रा के समीप गोर्रा 67.30 मीटर पर प्रवाहित हो रही है। खतरे का निशान 70.50 मीटर है।
नदियों में पानी कि बहाव तेज होता है तब दोआबा के लोगों की धड़कनें बढ़ जाती हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांवों नरायनपुर औराई, बहोरादलपतपुर, नगवां खास,मांझानारायण आदि गांवों पर खतरा मंडराने लगा है। एसडीएम सुनील कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन नदी के जलस्तर पर नजर रखे हुए है।
नरायनपुर औराई के दिनेश राव उर्फ नन्हें बाबू, हैदर अली, जुमाददीन,भोला, नूरलैंड अंसारी आदि ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को पत्र देकर गांव के समीप कटान रोकने की मांग की है।