Deoria: जेल में बंद प्रयागराज दंगे के मास्टर माइंड से मिलने पहुंचा सपा का प्रतिनिधि मंडल
Deoria के जिला कारागार में बंद प्रयागराज दंगे का मास्टरमाइंड जावेद पंप से मिलने के लिए मंगलवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल के सदस्य अपनी रिपोर्ट सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपेंगे। जावेद पंप को जून माह में देवरिया जिला कारागार में शिफ्ट किया गया था।
देवरिया, जागरण संवाददाता: जिला कारागार देवरिया में बंद प्रयागराज दंगे का मास्टरमाइंड जावेद पंप से मिलने के लिए मंगलवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल के सदस्य अपनी रिपोर्ट सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपेंगे। प्रतिनिधिमंडल ने जिला कारागार में करीब 28 मिनट तक जावेद पंप का हालचाल जाना। उसके बाद प्रतिनिधिमंडल समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में पहुंचा।
प्रतिनिधि मंडल जिला कारागार पहुंचा। जिसमें मेजा प्रयागराज के विधायक संदीप सिंह पटेल, सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रयागराज योगेंद्र चंद यादव व देवरिया के निवर्तमान जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव शामिल हैं।
रिपोर्ट तैयार कर राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपी जाएगी
कारागार में जावेद पंप से मुलाकात करने के बाद जेल गेट पर समाजवादी पार्टी के देवरिया जिले के निवर्तमान जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव ने बताया कि जावेद पंप से मुलाकात हुई है। जावेद की पीड़ा को सूचीबद्ध किया गया है। उसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी और इसे राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपा जाएगा।
प्रयागराज हिंसा और बवाल में जावेद पंप मुख्य आरोपी
बता दें कि 10 जून 2022 को जुमे के दिन प्रयागराज के अटाला इलाके में हिंसा और बवाल के मामले में गौसनगर का रहने वाला जावेद पंप मुख्य आरोपी है। जून माह में देवरिया जिला कारागार में शिफ्ट किया गया था।