ग्रामीण इलाकों में रोडवेज सेवा बंद, मुश्किल में यात्री
एआरएम ओम कुमार मिश्र ने बताया कि कर्मचारियों की कमी है इसके लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
देवरिया: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के देवरिया डिपो में कर्मचारियों की कमी के चलते जिले की सात रूटों की बस सेवा बंद कर दी गई है। बस सेवा बंद होने के चलते क्षेत्र के यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि अधिकारी जल्द कर्मचारियों की उपलब्धता होते ही सेवाएं शुरू करने का दावा कर रहे हैं। बस सेवा बंद होने के चलते निगम को राजस्व का भी लाखों रुपये का प्रत्येक दिन घाटा हो रहा है।
एआरएम ओम कुमार मिश्र ने बताया कि कर्मचारियों की कमी है, इसके लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। कर्मचारियों के मिलने के बाद इन रुटों पर जल्द ही बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। चालक व परिचालक की है कमी
देवरिया डिपो के पास परिवहन निगम की 74 व 127 अनुबंधित बसें है। जबकि डिपो के पास से संविदा के 89 व निगम के 41 चालक है, इस तरह डिपो के पास कुल 130 चालक है और 74 बसों को डिपो प्रशासन को अपने चालक से चलवाना है। परिचालक संविदा के 229 व निगम के 53 है। डिपो प्रशासन को चालक की 50 तो परिचालक की 200 की जरुरत है। चालक व परिचालक की कमी के चलते आए दिन बसें बेडे में खड़ी हो जा रही हैं। जिसके चलते यात्रियों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। इन रुटों पर बंद है बस सेवा
कोरोना संक्रमण काल के पहले देवरिया-खोरमा, देवरिया-दोहरीघाट, देवरिया-सतरांव, देवरिया-महेन, देवरिया-बनकटा, देवरिया-मेहरौना, देवरिया महुआडीह बस सेवा थी, लेकिन कोरोना संक्रमण में ही इसको बंद कर दिया गया। इसके बाद कर्मचारियों के अभाव के चलते इसे चालू नहीं किया जा सका है।