देवरिया में खुलेगी सीएसडी कैंटीन, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी मंजूरी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देवरिया में नई ईएसएम यूआरसी (सीएसडी कैंटीन) खोलने को अंतिम मंजूरी दे दी है। इससे ...और पढ़ें

जिले में सीएसडी कैंटीन की केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी मंजूरी।
HighLights
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देवरिया कैंटीन को मंजूरी दी।
15 हजार पूर्व सैनिकों और आश्रितों को मिलेगा लाभ।
सामान खरीदने गोरखपुर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
संवाद सूत्र, सलेमपुर। लंबे समय से सीएसडी कैंटीन (ईएसएम यूआरसी) खोलने की मांग कर रहे जिले के करीब 15 हजार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए राहत की खबर है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देवरिया में नई ईएसएम यूआरसी (सीएसडी कैंटीन) खोलने के प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी प्रदान कर दी है। इसी के साथ ही कैंटीन खोलने की प्रक्रिया शुरू हाे गई है।
शहर के ही अमेठी मंदिर के पास किराए के मकान में इसे संचालित किया जाएगा। रक्षा मंत्री ने पत्र भेजकर इसकी जानकारी सांसद रमाशंकर राजभर को दी है। सांसद ने भी इसकी पुष्टि की है।
देवरिया में सीएसडी कैंटीन की सुविधा नहीं होने के कारण पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को जरूरी सामान की खरीदारी के लिए गोरखपुर जाना पड़ता था। इससे उन्हें अतिरिक्त समय के साथ आवागमन का खर्च भी उठाना पड़ता था।
जिले में ही कैंटीन की सुविधा उपलब्ध होने से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में जिले के पूर्व सैनिक और जवान मुख्य रूप से गोरखपुर के कूड़ाघाट स्थित सीएसडी कैंटीन पर निर्भर हैं।
सांसद ने रक्षा मंत्री के समक्ष उठाई थी पूर्व सैनिकों की मांग
रक्षा मंत्री की ओर से सांसद को भेजे गए पत्र के अनुसार, सांसद रमाशंकर राजभर ने चार फरवरी 2025 को देवरिया में सीएसडी कैंटीन खोलने के संबंध में रक्षा मंत्री को पत्र भेजा था। इसके साथ पूर्वांचल पूर्व सैनिक संस्था, देवरिया के अध्यक्ष केडी सिंह का अभ्यावेदन भी संलग्न किया गया था।
सांसद की ओर से मांग उठाए जाने के बाद रक्षा मंत्रालय ने प्रस्ताव की जांच कराई और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। जांच के बाद संबंधित मुख्यालय ने पांच जून 2025 को देवरिया में ईएसएम यूआरसी खोलने के लिए सैद्धांतिक अनुमोदन प्रदान किया।
इसके बाद प्रस्ताव को आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा गया। आवश्यक औपचारिकताओं और परीक्षण के बाद नई ईएसएम यूआरसी खोलने के प्रस्ताव को 16 मार्च 2026 को अंतिम स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
मेरे प्रस्ताव पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देवरिया में सीएसडी कैंटीन खोलने की अंतिम मंजूरी प्रदान कर दी है। सांसद की इस पहल का लाभ जिले के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को मिलेगा। -रमाशंकर राजभर, सांसद सलेमपुर।
पूर्व सैनिकों ने देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें मूलभूत सुविधाओं के लिए इतनी दूर जाना पड़े, यह उचित नहीं था। देवरिया में सीएसडी कैंटीन की स्थापना वर्षों पुरानी मांग रही है। -प्रभाकर मणि, जिला मंत्री, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद।
देवरिया में पूर्व सैनिकों के 10 हजार से अधिक परिवार हैं। वर्तमान में बड़ी संख्या में सेवारत सैनिक भी हैं। सीएसडी कैंटीन नहीं होने के कारण बनकटा क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को करीब 120 किलोमीटर की दूरी तय कर गोरखपुर जाना पड़ता है। कैंटीन खुलने से समय और दूरी दोनों की बचत होगी। -कर्नल अरुण प्रकाश पांडेय, जिलाध्यक्ष, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद।
