मस्जिदों के पास रही कड़ी सुरक्षा
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर पुलिस प्रशासन पूरे जनपद में अलर्ट है। शुक्रवार को जुमे की नमाज को देखते हुए मस्जिद के आसपास के पुलिस कर्मियों की तैनाती रही। साथ ही साथ दिन भर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी दौड़ते रहे।
देवरिया: नागरिकता संशोधन कानून को लेकर पुलिस प्रशासन पूरे जनपद में अलर्ट है। शुक्रवार को जुमे की नमाज को देखते हुए मस्जिद के आसपास के पुलिस कर्मियों की तैनाती रही। साथ ही साथ दिन भर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी दौड़ते रहे।
इन दिनों नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कई जिलों में बवाल मचा हुआ है। पिछले शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हुए बवाल को लेकर प्रशासन पूरी तरह से गंभीर रहा। एडीएम प्रशासन राकेश पटेल व अपर पुलिस अधीक्षक शिष्य पाल सुबह में ही लार पहुंच गए और दिन भर कैंप करते रहे। जबकि रामपुर कारखाना के बुद्धुखान में सीआरओ रामसहाय यादव व सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय पुलिस टीम के साथ कैंप की। इसके अलावा बरहज, मदनपुर, रुद्रपुर, मझौलीराज समेत विभिन्न जगहों पर भी सतर्कता रही। जनपद में 44 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी। जिलाधिकारी अमित किशोर व एसपी डा.श्रीपति मिश्र शहर के मस्जिदों पर जाने के साथ ही रामपुर कारखाना, तरकुलवा, बघौचघाट के साथ ही विभिन्न थानों पर गए और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। जुमे की नमाज के बाद सबकुछ सकुशल रहने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।