बच्चों के विवाद में मारपीट, गांव में पीएसी तैनात
देवरिया के लार थाना क्षेत्र के राम नगर में युवक की पिटाई के बाद विवाद बढ़ गया।
देवरिया: थाना क्षेत्र के ग्राम राम नगर में बच्चों के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। मौके पर तनाव जैसी स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ सीओ मौके पर पहुंचे। गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
गांव के घनश्याम वर्मा व नियाज अहमद के बच्चों के बीच विवाद है। बकरीद की नमाज पढ़कर लौटते समय अब्दुल कादिर पुत्र नियाज अहमद की घनश्याम वर्मा के परिवार के सदस्यों ने पिटाई कर दर दी। जिससे अब्दुल कादिर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गया और चंद मिनट में सीओ वरुण मिश्र, थानाध्यक्ष प्रभु दयाल सिंह बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंच गए। सीओ ने कहा कि कोई तनाव नहीं है, एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।