घर से भागी नाबालिग की मंदिर में हुई शादी
क्षेत्र के महेन स्थित देवाधिदेव बाबा महेंद्रनाथ का मंदिर सोमवार को प्रेमी जोड़े के आजीवन बंधन में बंधने का गवाह बना। मामले की जानकारी होने पर मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। शादी संपन्न होने पर पत्नी पति के साथ ससुराल के लिए विदा हो गई
देवरिया : क्षेत्र के महेन स्थित देवाधिदेव बाबा महेंद्रनाथ का मंदिर सोमवार को प्रेमी जोड़े के आजीवन बंधन में बंधने का गवाह बना। मामले की जानकारी होने पर मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। शादी संपन्न होने पर पत्नी पति के साथ ससुराल के लिए विदा हो गई। देवरिया कोतवाली के एक मुहल्ले से करीब एक सप्ताह पूर्व एक 10 वीं की छात्रा प्रेमी संग फरार हो गई। पीड़ित पिता ने गोरखपुर जनपद के मुजौना निवासी एक युवक पर उठाए बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए सदर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर प्रेमी के परिजनों ने प्रेमिका के माता-पिता से वार्ता कर उन्हें मनाने में सफल रहे। बाद में दोनों पक्षों की आपसी रजामंदी से मंदिर में शादी का फैसला किया। लड़की के पिता का कहना था की लड़की पराया धन होती है। इसलिए उसकी ही पसंद व खुशी को अपनाते हुए उन्हें शादी के बंधन में बांध दिया।